बुमराह के छह विकेट से भारत ने इंग्लैंड को 110 रन पर समेटा

Ads

बुमराह के छह विकेट से भारत ने इंग्लैंड को 110 रन पर समेटा

  •  
  • Publish Date - July 12, 2022 / 08:08 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:34 PM IST

लंदन, 12 जुलाई ( भाषा ) जसप्रीत बुमराह ने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए अपने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके छह विकेट चटकाये जिसकी मदद से भारत ने मंगलवार को पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड को 110 रन पर समेट दिया ।

पिच पर घास को देखते हुए भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया और बुमराह की अगुवाई में भारतीय तेज गेंदबाजों ने इसे सही साबित कर दिखाया ।

बुमराह ने 7.2 ओवर में 19 रन देकर छह विकेट लिये । वह इंग्लैंड में किसी वनडे मैच में पांच या अधिक विकेट लेने वाले भारत के पहले तेज गेंदबाज बन गए । भारत के खिलाफ इंग्लैंड का यह न्यूनतम स्कोर भी है ।

गेंद बढिया स्विंग और सीम ले रही थी जिससे बुमराह और मोहम्मद शमी और खतरनाक नजर आये । शमी ने सात ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिये ।

जैसन रॉय (0) ने बुमराह की बाहर जाती गेंद से छेड़खानी के प्रयास में अपना विकेट गंवाया । दो गेंद बाद फॉर्म में चल रहे जो रूट ( 0) एक और इनस्विंगर गेंद का इंतजार कर रहे थे लेकिन बुमराह की गेंद आफ स्टम्प के बाहर से उछलती हुई आई और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने आसान कैच लपका ।

दूसरे छोर से शमी ने बेन स्टोक्स को खाता भी नहीं खोलने दिया । पंत ने एक हाथ से उनका दर्शनीय कैच लपका । पंत ने जॉनी बेयरस्टॉ का भी कैच इसी अंदाज में लपका जो सात रन बनाकर बुमराह का तीसरा शिकार हुए ।

बुमराह ने जल्दी ही इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 26 रन कर दिया जब लियाम लिविंगस्टान (0) पवेलियन लौटे ।

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने 32 गेंद में सर्वाधिक 30 रन बनाये लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे । शमी ने शॉर्ट गेंद डालकर बटलर को खराब शॉट खेलने पर मजबूर किया जो डीप स्क्वेयर लेग में कैच देकर लौटे ।इस समय इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 59 रन था ।

डेविड विली ( 26 गेंद में 21 रन ) और ब्राइसन कार्स ( 26 गेंद में 15 रन ) ने नौवे विकेट के लिये 35 रन जोड़कर इंग्लैंड को सौ रन के भीतर सिमटने से बचाया । इंग्लैंड का न्यूनतम स्कोर 86 रन है जो 2001 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था ।

बुमराह ने कार्स को आउट करके अपने वनडे कैरियर में दूसरी बार पारी के पांच विकेट पूरे किये ।

भाषा मोना

मोना