कालेब यिरेनकी के अंतिम क्षणों के गोल से घाना जीता

कालेब यिरेनकी के अंतिम क्षणों के गोल से घाना जीता

कालेब यिरेनकी के अंतिम क्षणों के गोल से घाना जीता
Modified Date: June 18, 2026 / 09:02 am IST
Published Date: June 18, 2026 9:02 am IST

टोरंटो, 18 जून (एपी) कालेब यिरेनकी के दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम के पांचवें मिनट में किए गए गोल की मदद से घाना ने विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप एल के मैच में पनामा को 1-0 से हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए।

जब लग रहा था कि मैच गोलरहित बराबरी पर छूटेगा तब यिरेनकी ने ब्रैंडन थॉमस असांटे के क्रॉस पर गोल किया।

थॉमस असांटे को बायीं ओर से गोल करने का मौका मिला और उन्होंने करारा शॉट जमाया जिसे यिरेनकी ने सही दिशा देकर गोल में डाल दिया। इससे उनके साथी खिलाड़ी खुशी से मैदान में दौड़ पड़े।

इस मैच में दोनों टीम को गोल करने के बहुत कम मौके मिले थे। ऐसे में पनामा को उम्मीद थी कि वह विश्व कप में अपना पहला अंक हासिल करने में सफल रहेगा लेकिन यिरेनकी के गोल ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

घाना की टीम में मिडफील्डर थॉमस पार्टे शामिल नहीं थे, जिन्हें इंग्लैंड में बलात्कार के आरोपों के मामले में मुकदमा चलने के कारण कनाडा में प्रवेश करने से रोक दिया गया था।

पहले हाफ में गोल पर एकमात्र शॉट खेल शुरू होने के दो मिनट बाद लगाया गया। तब पनामा के फॉरवर्ड सेसिलियो वाटरमैन ने आमिर मुरिलो के एक निचले क्रॉस पर गेंद पर बॉक्स के बीच से शॉट लगाया लेकिन गोलकीपर एटिजिगी ने दायीं ओर डाइव लगाकर उसे रोक दिया।

एटिजिगी चोटिल होने के कारण हाफटाइम के बाद मैदान पर नहीं उतरे। उनकी जगह बेंजामिन असारे ने ली।

घाना को 65वें मिनट में गोल करने का मौका मिला था जब थॉमस असांटे ने पनामा की रक्षापंक्ति को भेदते हुए बॉक्स के अंदर जॉर्डन अय्यू को पास दिया, लेकिन जियोवानी रामोस ने पीछे से आकर यह प्रयास नाकाम कर दिया।

इस जीत से घाना ग्रुप एल में इंग्लैंड के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है, जिसने दिन में पहले क्रोएशिया को 4-2 से हराया था।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में