कैनबरा होटल मामला : पीएसबी ने भुगतान के सबूत दिये, पीएचएफ विवाद के घेरे में

कैनबरा होटल मामला : पीएसबी ने भुगतान के सबूत दिये, पीएचएफ विवाद के घेरे में

कैनबरा होटल मामला : पीएसबी ने भुगतान के सबूत दिये, पीएचएफ विवाद के घेरे में
Modified Date: February 16, 2026 / 06:17 pm IST
Published Date: February 16, 2026 6:17 pm IST

कराची, 16 फरवरी (भाषा ) पाकिस्तानी हॉकी टीम के लिये आस्ट्रेलिया में होटल बुकिंग के एक करोड़ पाकिस्तानी रूपये से अधिक के भुगतान के सबूत पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) द्वारा दिये जाने के बाद अब पाकिस्तान हॉकी महासंघ विवाद के घेरे में आ गया है ।

पाकिस्तान हॉकी टीम को सिडनी हवाई अड्डे पर 13 से 14 घंटे इंतजार करना पड़ा क्योंकि कैनबरा की फ्लाइट लेने से पहले पीएचएफ न खिलाड़ियों और अधिकारियों के हवाई अड्डे पर रूकने या खाने का कोई इंतजाम नहीं किया था जिससे पीएचएफ और पीएसबी की काफी आलोचना हो रही थी ।

एफआईएच प्रो लीग के लिये कैनबरा पहुंचने के बाद पाकिस्तानी टीम के पास होटल नहीं था क्योंकि पीएचएफ ने भुगतान नहीं किया था ।

लाहौर से आस्ट्रेलिया का 24 घंटे का सफर तय करने के बाद खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ चार सितारा होटल पहुंचे जहां उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर कोई बुकिंग नहीं है ।

खिलाड़ियों को अपने लगैज के साथ कैनबरा में होटल के बाहर लंबा इंतजार करना पड़ा जिसके बाद कैनबरा में रहने वाले पाकिस्तानियों ने सस्ते एयरबीएनबी होटल का इंतजाम किया ।

अगले दिन पाकिस्तान आस्ट्रेलिया से पहला मैच हार गया ।

पीएसबी ने अब पीएचएफ को 28 जनवरी को होटल के इंतजाम के लिये किये गए एक करोड़ और पांच लाख रूपये के चेक की फोटोकॉपी जारी कर दी है । इससे साबित होता है कि पीएसबी ने एयर टिकट और होटल के अलावा दैनिक भत्ते का भी भुगतान कर दिया था ।

पीएचएफ अपनी ओर से कहता रहा कि खिलाड़ियों और अधिकारियों को आस्ट्रेलिया में कोई तकलीफ नहीं हुई ।

वैसे यह पहली बार नहीं हुआ है कि पीएचएफ अधिकारी आर्थिक मामलों को लेकर विवाद में पड़े हों ।

भाषा मोना आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में