नगालैंड के निश्चल और लेमटूर के शतकों ने तमिलनाडु को निराश किया
नगालैंड के निश्चल और लेमटूर के शतकों ने तमिलनाडु को निराश किया
बेंगलुरु, 27 अक्टूबर (भाषा) कमजोर नगालैंड के बल्लेबाजों ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच में सोमवार को यहां पूरे दिन डटे रहकर संघर्ष करते हुए पांच विकेट पर 365 रन का स्कोर बनाकर तमिलनाडु को निराश किया।
तमिलनाडु की टीम पहली पारी में 512 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद फॉलो ऑन देने की उम्मीद लगाए थी।
तमिलनाडु के प्रतिभाशाली बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने रविवार को हैट्रिक सहित सभी विकेट लेकर नगालैंड का स्कोर चार विकेट पर 150 रन कर दिया था।
पर सलामी बल्लेबाज देगा निश्चल और मध्यक्रम के बल्लेबाज इमलीवती लेमटूर ने सोमवार को शानदार शतक जड़कर प्रतिद्वंद्वी गेंदबाजों को निराश किया।
निश्चल ने 80 रन से आगे खेलना शुरू किया और 81 रन जोड़कर स्टंप तक 350 गेंद में 24 चौकों की मदद से नाबाद 161 रन बना लिए। वहीं नगालैंड के अनुभवी बल्लेबाज लेमटूर ने 203 गेंद में 17 चौके और तीन छक्कों से नाबाद 115 रन बनाए जिससे वह अभी तमिलनाडु से 147 रन से ही पीछेहै।
निश्चल और लेमटूर ने छठे विकेट के लिए नाबाद 205 रन की साझेदारी निभाई। अगर वे मैच के अंतिम दिन समझदारी से बल्लेबाजी करते हैं तो वे पहली पारी के स्कोर को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
गुरजपनीत ने पिछले महीने कानपुर में ऑस्ट्रेलिया ए टीम के खिलाफ भारत ए की ओर से दो अनौपचारिक एकदिवसीय मैच खेले थे। पर वह भी सफलता हासिल नहीं कर सके जबकि बाएं हाथ के स्पिनर डीटी चंद्रशेखर को छोड़कर तमिलनाडु के बाकी गेंदबाज कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। चंद्रशेखर ने दिन का एकमात्र विकेट झटका।
दिन में आउट होने वाले एकमात्र बल्लेबाज युगंधर सिंह (67 रन) ने अपने कल के 58 रन के स्कोर में सिर्फ नौ रन जोड़े और चंद्रशेखर की गेंद पर आउट हो गए।
युगंधर और निश्चल ने पांचवें विकेट के लिए 129 रन की भागीदारी से नगालैंड की टीम को अच्छे स्कोर की ओर अग्रसर किया था।
31 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर लेमटूर ने बल्ले से कमाल करते हुए अपने 43वें प्रथम श्रेणी मैच में अपना पहला शतक जड़ा। लेमटूर का पिछला सर्वश्रेष्ठ स्कोर 61 रन था।
विजयनगरम में ग्रुप के एक अन्य मैच में पहली पारी में 363 रन बनाने वाली बड़ौदा ने स्टंप तक 16 ओवर में आंध्र का पहली पारी में स्कोर दो विकेट पर 43 रन कर दिया। भार्गव भट्ट ने आंध्र के दोनों विकेट झटके।
नागपुर में झारखंड के 332 रन की पहली पारी के जवाब में विदर्भ ने अमन मोखाडे के नाबाद 145 रन की बदौलत सोमवार को स्टंप तक दो विकेट पर 239 रन बना लिए।
कानपुर में ओडिशा के 243 रन की पहली पारी के जवाब में उत्तर प्रदेश ने स्टंप तक छह विकेट पर 380 रन बना लिए थे। उत्तर प्रदेश के लिए करण शर्मा (121 रन) और अराध्य यादव (101 रन पर रिटायर्ड हर्ट) ने शतक जड़े।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


