चेन्नई ओपन : एकल में शीर्ष वरीय जे क्लार्क बाहर

चेन्नई ओपन : एकल में शीर्ष वरीय जे क्लार्क बाहर

चेन्नई ओपन : एकल में शीर्ष वरीय जे क्लार्क बाहर
Modified Date: February 11, 2026 / 07:59 pm IST
Published Date: February 11, 2026 7:59 pm IST

चेन्नई, 11 फरवरी (भाषा) ब्रिटेन के शीर्ष वरीय जे क्लार्क बुधवार को यहां चेन्नई ओपन एटीपी चैलेंजर पुरुष अंतरराष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप में इयोनिस जिलास से हारकर एकल वर्ग के पहले दौर में ही बाहर हो गए।

युगल में शीर्ष दो वरीयता प्राप्त जोड़ियां क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं जिसमें निकी पूनाचा और प्रूच्या इसारो तथा साकेत माइनेनी और सिद्धांत बांठिया की जोड़ियां शामिल हैं।

एटीपी रैंकिंग में 183वें नंबर पर काबिज क्लार्क को जिलास से 4-6, 4-6 से हार मिली।

पहले दौर के एक और एकल मैच में भारतीय क्वालीफायर आर्यन लक्ष्मणन को पोलैंड के मैक्स कास्निकोवस्की से 5-7, 2-6 से हार मिली।

दूसरे दौर के एकल मुकाबले में भारत के मुकुंद शशिकुमार ने पहला सेट जीता, लेकिन कजाखस्तान के डेनिस येवसेयेव से 6-3, 2-6, 3-6 से हार गए।

युगल में पूनाचा और इसारो की शीर्ष वरीय जोड़ी ने हमवतन कार्तिक रेड्डी गंटा और दिग्विजयप्रताप सिंह की जोड़ी को 6-4, 6-2 से हराकर आखिरी आठ में जगह बनाई।

माइनेनी और बांठिया की दूसरी वरीय जोड़ी ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए येवसेयेव और एरिक वैनशेलबोइम को टाई ब्रेक में 2-6, 6-1, 10-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

भारत की दो और जोड़ियां भी आखिरी आठ में पहुंच गईं। लोहितक्षा बथ्रीनाथ और अभिनव संजीव शनमुगम ने हमवतन मानस धामने और अथर्व शर्मा को 6-3, 2-6, 10-8 से हराया। इशाक इकबाल और मनीष सुरेशकुमार ने राघव जयसिंघानी और कार्ल होल्डर की जोड़ी को 3-6, 6-1, 10-3 से मात दी।

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में