खलिन जोशी ने जेएंडके ओपन के दूसरे दिन मजबूत की अपनी बढ़त
खलिन जोशी ने जेएंडके ओपन के दूसरे दिन मजबूत की अपनी बढ़त
श्रीनगर, पांच अगस्त (भाषा) बेंगलुरु के गोल्फर खलिन जोशी ने जेएंडके ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को दूसरे दिन पांच अंडर 66 का कार्ड खेला और अपनी बढ़त को सात शॉट तक पहुंचा दिया।
रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की इनामी प्रतियोगिता में पहले दौर के बाद दो शॉट की बढ़त बनाने वाले 33 वर्षीय जोशी ने दूसरे दिन भी बेहतरीन लय बरकरार रखी।
उन्होंने बिना किसी बोगी के तीन बर्डी और एक ईगल लगाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों पर मजबूत बढ़त बना ली।
दिल्ली के राशिद खान (68) और चंडीगढ़ के अंगद चीमा (68) छह अंडर 136 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
चेक गणराज्य के स्टेपन डेनेक, नोएडा के गौरव प्रताप सिंह, चंडीगढ़ के अजीतेश संधू और जोशुआ सील पांच अंडर 137 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
‘डीपी वर्ल्ड’ पीजीटीआई रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार दूसरे दौर के बाद दो अंडर 140 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 23वें स्थान पर हैं। पहले दिन वह संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर थे।
टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे 131 खिलाड़ियों में से 50 खिलाड़ियों ने कट हासिल कर अंतिम दो दौरों में जगह बनाई। कट एक ओवर 143 के स्कोर पर रहा।
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


