पाकिस्तान दौरे पर 20 सदस्यीय जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम की अगुवाई करेंगे चिभाभा

Ads

पाकिस्तान दौरे पर 20 सदस्यीय जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम की अगुवाई करेंगे चिभाभा

  •  
  • Publish Date - October 11, 2020 / 01:03 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:17 PM IST

कराची, 11 अक्टूबर (भाषा) हरफनमौला चामू चिभाभा पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सीमित ओवर की श्रृंखलाओं के लिए जिम्बाब्वे की 20 सदस्यीय टीम का नेतृत्व करेंगे।

दौरे की शुरूआत 30 अक्टूबर को तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से होगी। इसके बाद दोनों देशों के बीच इतने ही मैचों की टी20 श्रृंखला का आयोजन होगा।

जिम्बाब्वे की 20 सदस्यीय टीम 20 अक्टूबर को इस्लामाबाद पहुंचेगी। टीम 21 से 27 अक्टूबर तक पिंडी स्टेडियम में पृथकवास पर रहने के बाद 28 और 29 अक्टूबर को पिंडी क्रिकेट मैदान में अभ्यास करेगी।

एकदिवसीय श्रृंखला के मैचों को पहले मुल्तान में खेला जाना था लेकिन लॉजिस्टिक और संचालन की चुनौतियों के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इसे रावलपिंडी में करने का फैसला किया।

एकदिवसीय श्रृंखला के मैच 30 अक्टूबर, एक नवंबर और तीन नवंबर को खेले जाऐंगे जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले लाहौर में सात, आठ और 10 नवंबर को खेले जाएंगे।

जिम्बाब्वे क्रिकेट संघ (जेडसीयू) ने अभी यह नहीं बताया कि उनके मुख्य कोच भारत के लालचंद राजपूत टीम के साथ पाकिस्तान जाएंगे या नहीं। उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा उनके वीजा जारी किये जाने के बारे में कुछ नहीं बताया।

शीर्ष क्रम के बल्लेबाज 34 साल के चिभाभा ने 2016 में पदार्पण किया था और उन्हें तीन टेस्ट, 104 एकदिवसीय और 33 टी20 मैचों का अनुभव है। वह मध्यम गति से गेंदबाजी भी करते है।

उन्होंने मार्च में बांग्लादेश दौरे पर टीम की अगुवाई की थी। इसके बाद कोविड-19 महामारी के कारण क्रिकेट गतिविधियां ठप्प हो गयी थी।

दोनों टीमों के लिए एकदिवसीय श्रृंखला काफी अहम है क्योंकि यह आईसीसी पुरूष विश्व कप सुपर लीग का हिस्सा है। यह भारत में होने वाले 2023 विश्व कप के क्वालीफिकेशन का हिस्सा है।

जिम्बाब्वे टीम: चामू चिभाभा (कप्तान), फराज अकरम, रेयान बर्ल, ब्रायन चारी, तेंडाई चतरा, एल्टॉन चिगुम्बुरा, तेंडाई चिसोरो, क्रेग ईर्विन, तिनशे कामुनहुक्मवे, वेस्ले मधेवेरे, वेलिंगटन मसाकाद्जा, कार्ल मुम्बा, रिचमंड मुतुम्बामी, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, सिकंदर रजा, मिल्टॉन शुम्बा, ब्रेंडन टेलर, डोनाल्ड तिरिपानो, सीन विलियम्स।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता