चिराग, तन्वी सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में

चिराग, तन्वी सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में

चिराग, तन्वी सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में
Modified Date: December 23, 2023 / 10:15 pm IST
Published Date: December 23, 2023 10:15 pm IST

गुवाहाटी, 23 दिसंबर (भाषा) चिराग सेन ने दूसरी वरीयता प्राप्त किरण जॉर्ज को हराकर शनिवार को यहां 85वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश किया।

राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य सेन के बड़े भाई चिराग ने 21-18, 21-18 से जीत हासिल की। फाइनल में उनका मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त थारुन एम से होगा जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में भरत राघव को 21-11, 16-21, 21-19 से हराया।

महिला एकल के सेमीफाइनल में तन्वी शर्मा ने आठवीं वरीयता प्राप्त इशरानी बरुआ को 21-15, 20-22, 21-14 से जबकि हरियाणा की अनमोल खरब ने दूसरी वरीयता प्राप्त स्थानीय खिलाड़ी अश्मिता चालिहा को 21-17, 21-19 से हराया।

ओडिशा मास्टर्स के चैंपियन ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो ने दीप रामभिया और अक्षय वारंग पर 21-11, 21-13 की आसान जीत के साथ मिश्रित युगल फाइनल में प्रवेश किया, जहां उनका सामना नितिन कुमार और नवधा मंगलम की जोड़ी से होगा, जिन्होंने एचवी नितिन और मनीषा के को 10-21, 21-18, 21-19 से पराजित किया।

महिला युगल में महाराष्ट्र की रितिका ठाकर और सिमरन सिंघी ने पी अमृता और प्रांजल प्रभु चिमुलकर को 21-11, 21-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां उनका मुकाबला प्रिया देवी कोन्जेंगबाम और श्रुति मिश्रा की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा, जिन्होंने मृण्मयी देशपांडे और प्रेरणा अल्वेकर पर 21-13, 21-11 से जीत दर्ज की।

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में