बांग्लादेश के टी20 विश्व कप से हटने की जांच के लिए समिति का गठन किया

Ads

बांग्लादेश के टी20 विश्व कप से हटने की जांच के लिए समिति का गठन किया

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 10:31 PM IST

ढाका, 11 मई (भाषा) बांग्लादेश ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से अपनी राष्ट्रीय टीम के हटने के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

यह टूर्नामेंट सात फरवरी से आठ मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित किया गया था।

दस मई के सरकारी आदेश के अनुसार, पूर्व अतिरिक्त सचिव डॉ. एकेएम ओली उल्लाह इस समिति के प्रमुख होंगे, जिसमें बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और वर्तमान मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर और उच्चतम न्यायालय के वकील फैसल दस्तगीर भी शामिल हैं।

समिति को 15 कार्य दिवसों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

डॉ. ओली उल्लाह ने कहा, “हम जल्द से जल्द काम शुरू करने की कोशिश करेंगे और उम्मीद है कि 15 कार्य दिवसों में अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे।”

यह विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत की यात्रा से इनकार कर दिया था।

बताया जाता है कि यह स्थिति उस समय उत्पन्न हुई जब भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स को तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को उनके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) अनुबंध से रिलीज करने के लिए कहा था।

बीसीबी ने इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अनुरोध किया कि उनके मैचों को श्रीलंका में स्थानांतरित कर दिया जाए, लेकिन आईसीसी ने यह मांग अस्वीकार कर दी।

इसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को उनकी जगह टूर्नामेंट में शामिल किया गया।

बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने पहले कहा था कि सरकार यह जांच करेगी कि क्या टीम का हटना किसी कूटनीतिक विफलता का परिणाम था।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर