राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे का त्रिपुरा में सम्मान
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे का त्रिपुरा में सम्मान
अगरतला, 12 अगस्त (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडो खिलाड़ी त्रिपुरा की अस्मिता डे को बुधवार को यहां राज्य सरकार ने भव्य समारोह में सम्मानित किया।
अस्मिता को 10 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। उन्होंने हाल में ग्लास्गो में महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग का खिताब कनाडा की हेइडी क्वाच को गोल्डन स्कोर मुकाबले में हराकर जीता था। उन्होंने शानदार वापसी करते हुए यह जीत दर्ज की थी।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 23 वर्षीय जूडो खिलाड़ी को राज्य की राजधानी अगरतला में मकान बनाने के लिए जमीन का एक टुकड़ा भी आवंटित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘दक्षिण त्रिपुरा के एक गुमनाम गांव से ग्लास्गो में पोडियम तक का उनका सफर समय के खिलाफ दौड़ जैसा था। उनके पिता सोनाइचारी में साइकिल मैकेनिक थे। तमाम मुश्किलों के बावजूद वह अपने लक्ष्य पर डटी रहीं और देश के लिए शानदार सफलता हासिल की।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद नयी दिल्ली लौटने पर अस्मिता ने त्रिपुरा भवन में उनसे मुलाकात की थी और जानना चाहा था कि राज्य उनकी किस तरह मदद कर सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘बैठक के दौरान अस्मिता ने बताया कि वह अगरतला में अपना घर चाहती हैं। मैंने उनकी इच्छा पूरी करने का वादा किया था और आज उन्हें जमीन का एक टुकड़ा आवंटित कर दिया गया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्मिता की सफलता राज्य के युवाओं को प्रेरित करेगी और उनसे एशियाई खेलों में पदक के अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अस्मिता से खासकर खान-पान को लेकर सतर्क रहने का आग्रह करता हूं क्योंकि प्रतिष्ठित एशियाई खेलों में हिस्सा लेने से पहले उन्हें कड़े डोप परीक्षण से गुजरना होगा। हमें विश्वास है कि वह एशियाई खेलों में भी देश के लिए पदक जीतेंगी।’’
इस समारोह में युवा मामले एवं खेल मंत्री टिंकू रॉय, अगरतला के महापौर दीपक मजूमदार और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित जिम्नास्ट दीपा करमाकर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


