राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस: मानुष, हरमीत प्री-क्वार्टरफाइनल में

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस: मानुष, हरमीत प्री-क्वार्टरफाइनल में

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस: मानुष, हरमीत प्री-क्वार्टरफाइनल में
Modified Date: July 31, 2026 / 08:07 pm IST
Published Date: July 31, 2026 8:07 pm IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) शीर्ष वरीयता प्राप्त मानुष शाह और खिताब के दावेदार हरमीत देसाई की अगुवाई में भारतीय खिलाड़ियों ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के व्यक्तिगत मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।

पुरुष और महिला एकल वर्ग में अधिकांश भारतीय खिलाड़ी प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए।

राउंड 32 में उतरे 14 भारतीय खिलाड़ियों में से 11 ने अगले दौर में जगह बनाई। मानुष शाह ने ऑस्ट्रेलिया के चुलोंग नी को 8-11, 11-9, 11-7, 11-7, 11-4 से हराया।

हरमीत ने भी पहला गेम हारने के बाद वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के शुकी लिन को 9-11, 11-8, 11-9, 11-6, 11-4 से हराया।

मानव ठक्कर ने मालदीव के अख्यार अहमद खालिद को सीधे गेमों में हराकर आसान जीत दर्ज की।

वहीं सानिल शेट्टी, जस मोदी, पायस जैन और आकाश पाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम 16 में जगह बनाई।

भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में एच जेहोब ने हमवतन मुदित दानी को सीधे गेम में जबकि अंकुर भट्टाचार्जी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद दिव्यांश श्रीवास्तव को मात दी। एसएफआर स्नेहित ने पहला गेम गंवाने के बाद रीगन अल्बुकर्क को छह गेमों में हराया।

रोनित भांजा ने सिंगापुर के एल्सवर्थ ली के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में पांचवां गेम 15-13 से जीतकर सफलता हासिल की।

महिला एकल में राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता श्रीजा अकुला को ऑस्ट्रेलिया की जियामुवा वू ने सात गेम तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने मुकाबला 6-11, 12-10, 11-8, 11-4, 7-11, 10-12, 11-2 से जीत लिया।

इसके अलावा स्वस्तिका घोष, अनुषा कुटुम्बले, सिंड्रेला दास, तनीषा कोटेचा, नित्या श्री मणि, सायली वानी, सुतीर्था मुखर्जी, दिव्यांशी भौमिक और यशस्विनी घोरपड़े ने भी शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में