कंपाउंड महिला टीम तीरंदाजी विश्व कप चरण चार के फाइनल में
कंपाउंड महिला टीम तीरंदाजी विश्व कप चरण चार के फाइनल में
मैड्रिड, आठ जुलाई (भाषा) भारत के कंपाउंड तीरंदाजों ने बुधवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप चरण चार में नए कोच डेव कजिन्स के मार्गदर्शन में पदक जीतने की राह पर वापसी की जब महिला टीम ने फाइनल में जगह बनाई लेकिन पुरुष टीम मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गई।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में महिला वर्ग में परनीत कौर को छोड़कर सभी सात भारतीय कंपाउंड तीरंदाज राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के बाद पदक की दौड़ में बने हुए हैं।
मैड्रिड में चरण चार के साथ ही अमेरिका के दिग्गज कजिन्स का भारत के कंपाउंड कोच के तौर पर कार्यकाल शुरू हुआ।
मौजूदा सत्र में खराब प्रदर्शन के बाद अमेरिकी कोच के मार्गदर्शन में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने क्वालीफिकेशन दौर में प्रभावित किया। पुरुष टीम ने शीर्ष वरीयता हासिल की और महिला टीम सातवीं वरीय के रूप में नॉकआउट में पहुंची।
ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप की महिला तिकड़ी फाइनल मुकाबले तक पहुंची।
उन्होंने सेमीफाइनल में तीसरी वरीय दक्षिण कोरिया को 231-228 से हराकर शनिवार को शीर्ष वरीय कोलंबिया के खिलाफ स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला तय किया। कोरियाई टीम में पार्क येरिन, पार्क जुंगयून और कांग येओनसेओ शामिल थीं।
इस तरह भारतीय महिला टीम मौजूदा सत्र में अपने दूसरे विश्व कप स्वर्ण पदक की तलाश में होगी। टीम प्यूब्ला में सत्र के शुरुआती चरण में जीत हासिल कर चुकी है।
तीन विश्व कप चरण में इस स्वर्ण के अलावा भारत के लिए साहिल जाधव ने ही व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता।
दूसरी ओर साहिल जाधव, गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु और कुशाल दलाल की कंपाउंड पुरुष टीम कांस्य पदक के प्ले ऑफ में जर्मनी से 232-233 से हार गई।
तीन दौर के बाद मुकाबला 174-174 की बराबरी पर था लेकिन साइमन मोरिट्ज, पाउलो कुंश और नोआ नूबर की जर्मनी की तिकड़ी ने आखिरी राउंड में लगभग बेदाग प्रदर्शन किया और सिर्फ एक अंक गंवाकर कांस्य पदक जीत लिया।
इससे पहले शीर्ष वरीय भारतीय पुरुष टीम को सेमीफाइनल में शूट ऑफ में मैक्सिको से दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा था।
तय 24 तीरों के बाद दोनों टीम 237-237 पर बराबरी पर थीं और शूट ऑफ भी 30-30 पर बराबरी पर खत्म हुआ।
मैक्सिको ‘केंद्र के सबसे करीब’ वाले टाईब्रेक नियम के आधार पर जीतकर फाइनल में पहुंच गया।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


