IPL 2026 PBKS vs GT: गुजरात टाइटंस के मंसूबों पर फिर पानी, रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दी इतने विकेट से मात, डेब्यू मैच में ही इस खिलाड़ी ने ठोंके 72 रन

गुजरात टाइटंस के मंसूबों पर फिर पानी, रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दी इतने विकेट से मात, IPL 2026 PBKS vs GT Match Highlights

IPL 2026 PBKS vs GT: गुजरात टाइटंस के मंसूबों पर फिर पानी, रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दी इतने विकेट से मात, डेब्यू मैच में ही इस खिलाड़ी ने ठोंके 72 रन

IPL 2026 PBKS vs GT. Image Source- PBKS Tweet

Modified Date: April 1, 2026 / 12:38 am IST
Published Date: March 31, 2026 11:42 pm IST

मुल्लांपुर: IPL 2026 PBKS vs GT पंजाब किंग्स ने कूपर कोनाली (44 गेंद में नाबाद 72 रन) के अर्धशतक और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की मदद से मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रोमांचक टी20 मैच में गुजरात टाइंटस को तीन विकेट से शिकस्त दी।कोनोली ने प्रभसिमरन सिह (37 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की भागीदारी निभाई। कोनोली (पांच चौके, पांच छक्के) ने अंत में जेवियर बार्टलेट (नाबाद 11) के साथ मिलकर टीम को 19.1 ओवर में सात विकेट पर 165 रन तक पहुंचाकर जीत दिलाई

इससे पहले लेग चहल ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मध्य के ओवरों में गुजरात टाइटंस पर दबाव बनाने में मदद की जिससे वह छह विकेट पर 162 रन ही बना सकी। चहल ने चार ओवरों में 28 रन देकर दो विकेट झटके जबकि तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाक ने 34 रन देकर तीन विकेट लिए। गुजरात टाइटंस ने प्रसिद्ध कृष्णा (29 रन देकर तीन विकेट) की अगुआई में पंजाब किंग्स के लगातार अंतराल पर विकेट चटकाकर दबाव बनाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर कोनोली की सयंम से भरी धमाकेदार पारी ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कागिसो रबाडा, राशिद खान, अशोक शर्मा और वाशिंगटन सुंदर को एक एक विकेट मिला।

IPL 2026 PBKS vs GT पंजाब किंग्स ने पारी के दौरान 14 छक्के और छह छक्के लगाए। प्रियांश आर्य ने पहले ही ओवर में मोहम्मद सिराज की आखिरी गेंद पर छक्का जड़ दिया लेकिन अगले ही ओवर में रबाडा की गेंद पर अशोक को आसान कैच दे बैठे। प्रभसिमरन अच्छी फॉर्म में दिख रहे थे, उन्होंने चौथे ओवर में रबाडा पर वाइड लांग ऑफ में और स्लिप कॉर्डन के ऊपर दो छक्के लगाए। इसी ओवर की अंतिम गेंद को कोनोली ने लांग ऑफ में छक्के के लिए भेजा। कोनोली ने पांचवें ओवर में अशोक पर डीप प्वाइंट पर छक्का लगाया और अंतिम गेंद पर पंजाब किंग्स ने 50 रन पूरे किए। टीम ने पावरप्ले में एक विकेट पर 55 रन बनाए। प्रभसिमरन 10वें ओवर में राशिद की गेंद पर लांग ऑन पर प्रसिद्ध कृष्णा को कैच देकर आउट हुए। इससे पहले उन्होंने वाशिंगटन सुंदर पर डीप मिडविकेट पर और लांग ऑन पर दो छक्के जमाए जबकि कोनोली ने राशिद पर डीप मिडविकेट पर में खडे़ खड़े पुल शॉट से छक्का लगाया। कप्तान श्रेयस अय्यर (18 रन) क्रीज पर उतरे, उन्होंने 11वें ओवर में अशोक पर लगातार दो छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर किए।हालांकि अगले ओवर में कोनोली राशिद की गेंद को स्ट्रेट खेल गए जो उनके कप्तान के हाथ पर जा लगी और वह मैदान पर लेट गए। फिर उपचार के लिए फिजियो आए और कप्तान ने बल्लेबाजी जारी रखी। पर अगले ओवर में कृष्णा की गेंद पर डीप में वाशिंगटन सुंदर के हाथों लपके गए। नेहाल वढेरा (03) छह गेंद ही खेल सके और सुंदर का शिकार हुए।

कृष्णा ने फिर 15वें ओवर में शशांक सिंह और मार्क स्टोइनिस के विकेट झटककर गुजरात टाइटंस को वापसी की उम्मीद जगाई पर कूपर कोनोली ने चौका लगाकर आईपीएल पदार्पण में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 34 गेंद खेली जिसमें तीन चौके और चार छक्के जड़े थे। दूसरे छोर पर मार्को यानसन उनका साथ दे रहे थे लेकिन नौ रन बनाकर आउट हो गए। 12 गेंद में 16 रन चाहिए थे। जेवियर बार्टलेट ने कृष्णा पर डीप मिडविकेट पर छक्का जड़ दिया। कोनोली ने चौका जड़ा और अपनी टीम को जीत तक ले गए।

बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच पर इस फीके प्रदर्शन में गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 27 गेंदों में 39 रन और जोस बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन बनाए। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद गिल ने बेहतरीन लय में दिख रहे थे, उन्होंने चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी जिससे टीम तीन ओवरों में ही 35 रन तक पहुंच गई। इससे पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को गेंदबाजी में बदलाव करना पड़ा और उन्होंने लंबे कद के मार्को यानसन (चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट) को आक्रमण पर लगाया। इसका उन्हें तुरंत फायदा मिला। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यानसन ने साई सुदर्शन (13) को एक गेंद पर ऐसा शॉट खेलने पर मजबूर किया जो सीधे मिड-ऑफ की तरफ़ गया जहां अय्यर ने आसानी से कैच लपक लिया। इससे पंजाब की टीम को चौथे ओवर में पहली सफलता मिल गई। फिर बटलर क्रीज़ पर आए। टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वापसी कर रहे इंग्लैंड के इस बल्लेबाज़ ने विशाक पर चौका जड़कर शानदार अंदाज में अपना खाता खोला। बटलर ने यानसन की वाइड गेंद पर ‘कट शॉट’ से बैकवर्ड प्वाइंट की तरफ चौका जड़ा। इसके बाद उन्होंने मैच का पहला छक्का विशाक की गेंद को सीधे मैदान के ऊपर से उठाकर लगाया।

गुजरात टाइटंस ने पावरप्ले में एक विकेट पर 54 रन बना लिए थे। पंजाब की टीम ने शुरुआती ओवरों में रन लुटाने के बाद बाद के ओवरों में नियंत्रण पा लिया था। चहल आठवें ओवर में गेंदबाजी करने आए। इस लेग स्पिनर का गिल के खिलाफ़ रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है, उन्होंने पिछले आईपीएल में गिल को तीन बार आउट किया था और इस बार भी उन्होंने इस सलामी बल्लेबाज को अपना शिकार बना लिया। गिल ने डीप मिड-विकेट की तरफ शॉट खेला और कैच आउट हो गए। नए बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने चहल की गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से जोरदार शॉट लगाकर छक्का जड़ा। इसके बाद बटलर ने जेवियर बार्टलेट कीगेंद को मिड-ऑन के ऊपर से मारकर एक और छक्का लगाया। इसके बाद पंजाब किंग्स ने वापसी करते हुए नियंत्रण बना लिया।


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।