सोबर्स के निधन पर शोक में डूबा क्रिकेट जगत
सोबर्स के निधन पर शोक में डूबा क्रिकेट जगत
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के साथ क्रिकेट जगत शोक में डूब गया और दुनिया भर के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें श्रृद्धांजलि दी है ।
सोशल मीडिया पर सर गैरी सोबर्स के निधन पर आई प्रतिक्रियायें इस प्रकार है ।
आईसीसी : महानतम क्रिकेटरों में से एक , सर गारफील्ड सोबर्स का निधन । उनके परिवार, दोस्तों और वेस्टइंडीज क्रिकेट के प्रति हमारी संवेदना । आईसीसी ‘हाल आफ फेमर’ को विदाई ।
सौरव गांगुली : क्रिकेट जगत की अपूरणीय क्षति । उस पीढी में उनका कौशल देखकर कई क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का आकलन करते थे । नायाब खिलाड़ियों में से एक । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे ।
रवि शास्त्री : मेरे जीवन के सबसे महान क्रिकेटर । बस उस दौर और योगदान को देख रहा हूं जिसका कोई सानी नहीं है । मेरे हीरो । ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गैरी ।
दिलीप वेंगसरकर : मैने उन्हें कभी खेलते नहीं देखा लेकिन उनके बारे में कई कहानियां सुनी हैं। उनकी बल्लेबाजी की क्लिप्स देखी हैं और 1971 में उनकी बल्लेबाजी पर रिकॉर्ड की गई फिल्म देखी है । उनके टेस्ट रिकॉर्ड अद्भुत हैं । महानतम हरफनमौला । क्रिकेट जगत के लिये यह दुखद दिन है ।
हरभजन सिंह : क्रिकेट जगत ने अपने नायाब नगीनों में से एक को खो दिया । सर गैरी सोबर्स एक लीजैंड से कहीं अधिक थे । वह महानता की परिभाषा थे जिन्होंने असाधारण कौशल और विनम्रता से कई पीढियों को प्रभावित किया । आप दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों के दिलों में हमेशा अमर रहेंगे । आपको कभी भुलाया नहीं जा सकेगा ।
वैभव सूर्यवंशी : कभी सर गैरी सोबर्स को खेलते नहीं देखा लेकिन उनकी महानता के किस्से अपने पिता से सुनकर बड़ा हुआ हूं । हर पीढी के महानायक । ओम शांति।
भाषा
मोना नमिता
नमिता

Facebook


