कमिंस पीठ की चोट की जांच के लिए एक और स्कैन करवाने घर लौटे

कमिंस पीठ की चोट की जांच के लिए एक और स्कैन करवाने घर लौटे

कमिंस पीठ की चोट की जांच के लिए एक और स्कैन करवाने घर लौटे
Modified Date: April 4, 2026 / 05:41 pm IST
Published Date: April 4, 2026 5:41 pm IST

हैदराबाद, चार अप्रैल (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट की अंतिम जांच (स्कैन) के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं।

यह स्कैन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की चिकित्सीय टीम द्वारा किया जाएगा जो उन्हें यहां चल रही इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे चरण में खेलने की मंजूरी देगा।

ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘कमिंस जुलाई 2025 से मैदान से बाहर हैं और इस दौरान केवल एक एशेज टेस्ट ही खेल पाए हैं। वह आईपीएल 2026 में टीम शिविर छोड़कर पीठ की चोट की अंतिम जांच के लिए घर लौट गए हैं। ’’

रिपोर्ट में आगे कहा गया, ‘‘कमिंस बृहस्पतिवार को कोलकाता में सनराइजर्स हैदराबाद के कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हुए अंतिम मैच के बाद भारत से रवाना हुए। अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें अनुमति दे देता है तो वह 17 अप्रैल को फिर टीम से जुड़ सकते हैं। ’’

कमिंस टीम के नेट सत्र में गेंदबाजी कर रहे थे क्योंकि यह ‘रिटर्न टू प्ले’ (खेल में वापसी करने के) प्रोटोकॉल का हिस्सा है।

कमिंस और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने हमेशा कहा कि यह तेज गेंदबाज टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में उपलब्ध रहेगा। उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।

भारत आने से एक हफ्ता पहले कमिंस ने एक पॉडकास्ट में कहा था, ‘‘मैं अब भी पीठ की चोट से उबर रहा हूं, लेकिन स्थिति अच्छी है। मैं नेट में फिर से गेंदबाजी कर रहा हूं। मैं आईपीएल के शुरुआत में नहीं खेल पाऊंगा, लेकिन ज्यादा देर नहीं लगेगी। मैं फिलहाल हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं। हमने टूर्नामेंट के मध्य तक मुझे पूरी तरह फिट करने की योजना बनाई है। ’’

इस दौरान ईशान मलिंगा और डेविड पेने टीम के लिए विदेशी तेज गेंदबाज की भूमिका निभा रहे हैं।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में