साथियान के शानदार खेल से दबंग दिल्ली टीटीसी ने यूपी प्रोमेथियंस को हराया

Ads

साथियान के शानदार खेल से दबंग दिल्ली टीटीसी ने यूपी प्रोमेथियंस को हराया

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 08:47 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 08:47 PM IST

पणजी, 10 जुलाई (भाषा) भारत के अनुभवी खिलाड़ी जी साथियान के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दबंग दिल्ली टीटीसी ने अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सातवें सत्र के मुकाबले में यूपी प्रोमेथियंस को 9-6 से पराजित किया।

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कांटे की टक्कर देखने को मिली। दूसरे मुकाबले तक दोनों टीमें 6-6 की बराबरी पर थीं, लेकिन इसके बाद मिश्रित युगल में दबंग दिल्ली ने 3-0 की जीत दर्ज कर मुकाबले का रुख अपने पक्ष में मोड़ दिया।

मिश्रित युगल में जी साथियान और मारिया शियाओ की जोड़ी ने यूपी के मानव ठक्कर और यांग लियू को 11-9, 11-7, 11-5 से हराया।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल साथियान ने पुरुष एकल मुकाबले में जर्मनी के रिकार्डो वाल्थर को 11-8, 11-6, 6-11 से शिकस्त दी।

मुकाबले की शुरुआत यूपी प्रोमेथियंस के दबदबे के साथ हुई। विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज मानव ठक्कर ने मिस्र के 60वीं रैंकिंग वाले यूसुफ अब्देलअजीजी को 11-8, 11-5, 11-10 से हराकर टीम को बढ़त दिलाई।

महिला एकल में ऑस्ट्रेलिया की विश्व नंबर 32 लियू स्पेन की मारिया शियाओ को चुनौती नहीं दे सकी। शियाओ ने दबंग दिल्ली के लिए 11-6, 11-7, 4-11 से जीत दर्ज की।

अंतिम मुकाबले में दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए महिला एकल मैच में दिल्ली की दिव्यांशी भौमिक पर यूपी की सयाली वाणी 9-11, 11-5, 11-10 से सफलता हासिल की।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

ताजा खबर