लंदन, 10 जुलाई (भाषा) स्मृति मंधाना की 83 रन की आक्रामक पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर के शानदार 58 रन की बदौलत भारत ने शुक्रवार को यहां खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट के पहले दिन चाय तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 202 रन बना लिए।
चाय से ठीक पहले हरमनप्रीत (121 गेंद, सात चौके) मैडी विलियर्स की शानदार ऑफ ब्रेक गेंद पर बोल्ड हो गईं, जिससे भारतीय टीम कुछ दबाव में आ गई। दीप्ति शर्मा पांच रन बनाकर खेल रही हैं।
भारत ने सुबह के सत्र में तेजी से रन बनाए, लेकिन लंच के बाद उसकी रन गति धीमी पड़ गई। दूसरे सत्र में टीम ने 26.2 ओवर में केवल 80 रन जोड़े और इस दौरान दो विकेट गंवाए।
भारत ने पहले सत्र में तीन विकेट पर 122 रन बनाए थे। इसमें मंधाना (108 गेंद में 11 चौके और एक छक्का) और जेमिमा रोड्रिग्स (38 गेंद में 35 रन) के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी का अहम योगदान रहा।
दूसरे सत्र में भारत को अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए इसी लय की जरूरत थी। मंधाना और हरमनप्रीत ने चौथे विकेट के लिए 89 रन जोड़कर अपेक्षाकृत फीकी नजर आ रही इंग्लैंड की गेंदबाजी के खिलाफ रन जुटाए।
मैडी विलियर्स और लॉरेन फाइलर ने कुछ हद तक रनगति पर अंकुश लगाने की कोशिश की, लेकिन हरमनप्रीत उनका प्रभाव कम करने में लगी रहीं।
लेकिन शतक के करीब पहुंच रहीं मंधाना तेज गेंदबाज इसी वोंग की गेंद पर बल्ले का बाहरी किनारा लगाकर विकेटकीपर एमी जोन्स को कैच दे बैठीं।
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसकी गेंदबाजों ने इसे सही साबित करते हुए 37 रन तक भारत के दो विकेट झटक लिए। शेफाली वर्मा और यास्तिका भाटिया सात ओवर के अंदर आउट हो गईं।
लेकिन मंधाना ने फिर जिम्मेदारी से खेलते हुए पारी को संभाला। उन्होंने और रोड्रिग्स ने इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रामण पर दबदबा बनाया। मंधाना ने तेज गेंदबाज लॉरेन फाइलर पर लगातार दो चौके लगाए और फिर स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन पर स्लॉग स्वीप के जरिए मिड विकेट के ऊपर छक्का जड़ दिया।
फाइलर ने दूसरे ही ओवर में एक खूबसूरत गेंद पर शेफाली को आउट किया था। यह भारतीय बल्लेबाज उनकी गेंद पर बल्ला छुआ बैठी और विकेटकीपर के हाथों लपकी गईं।
रोड्रिग्स ने दो बार एक्लेस्टोन की गेंद को सीमी रेखा के पार कराया जिससे भारतीय टीम उस समय छह रन प्रति ओवर के हिसाब से आगे बढ़ रही थी। लेकिन रोड्रिग्स ने तेज गेंदबाज इसी वोंग की बाहर जाती गेंद को खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा दिया। यह गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्टंप पर जा लगी।
लेकिन मंधाना और हरमनप्रीत ने सुनिश्चित किया कि पहले सत्र में और कोई विकेट नहीं गिरे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द