डिकॉक का शतक, मुंबई इंडियन्स ने पंजाब किंग्स को 196 रन का लक्ष्य दिया

डिकॉक का शतक, मुंबई इंडियन्स ने पंजाब किंग्स को 196 रन का लक्ष्य दिया

डिकॉक का शतक, मुंबई इंडियन्स ने पंजाब किंग्स को 196 रन का लक्ष्य दिया
Modified Date: April 16, 2026 / 09:27 pm IST
Published Date: April 16, 2026 9:27 pm IST

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के तेजतर्रार शतक और नमन धीर के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ छह विकेट पर 195 रन बनाए।

मौजूदा सत्र में अपना पहला मैच खेल रहे डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से नाबाद 112 रन की पारी खेलने के अलावा नमन धीर (50 रन, 31 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए उस समय 122 रन की साझेदारी की जब टीम तीसरे ओवर में 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।

पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अर्शदीप ने उनके फैसले को सही साबित करते हुए तीसरे ओवर में रेयान रिकेल्टन (02) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (00) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजा।

रिकेल्टन ने अर्शदीप की गेंद को बाउंड्री पर शशांक सिंह के हाथों में खेला और इस तेज गेंदबाज का 100वां आईपीएल शिकार बने। अगली गेंद पर सूर्यकुमार भी शॉर्ट थर्ड मैन पर युजवेंद्र चहल के हाथों लपके गए।

डिकॉक ने मौजूदा टूर्नामेंट की अपनी पहली गेंद पर मार्को यानसेन (30 रन पर एक विकेट) पर छक्का जड़ा जबकि नमन ने जेवियर बार्टलेट पर चौका मारा।

नमन हालांकि 10 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब युजवेंद्र चहल ने यानसेन की गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर उनका आसान कैच टपका दिया।

नमन ने विजयकुमार वैशाक का स्वागत दो चौकों और एक छक्के के साथ किया और पावर प्ले में मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 48 रन तक पहुंचाया।

नमन और डिकॉक ने अगले ओवर में चहल पर छक्के मारे।

डिकॉक ने चहल पर छक्के और एक रन के साथ 28 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

डिकॉक ने बार्टलेट की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

नमन ने भी शशांक (19 रन पर एक विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इस तेज गेंदबाज की अगली गेंद को लॉन्ग ऑफ पर बार्टलेट के हाथों में खेल गए।

डिकॉक ने बार्टलेट पर चौके के साथ 53 गेंद में अपना तीसरा आईपीएल शतक पूरा किया।

कप्तान हार्दिक पंड्या (14) ने यानसेन पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर शानदार कैच का शिकार बने। उन्होंने अगली गेंद को भी सीधा खेला जो छह रन के लिए जा रही थी लेकिन अय्यर ने गेंद को लपका और बाउंड्री से बाहर जाने से पहले बार्टलेट की ओर उछाल दिया जिन्होंने कैच पकड़ा।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में