खराब शुरुआत के बावजूद न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 176 रन का लक्ष्य

खराब शुरुआत के बावजूद न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 176 रन का लक्ष्य

खराब शुरुआत के बावजूद न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 176 रन का लक्ष्य
Modified Date: February 14, 2026 / 09:27 pm IST
Published Date: February 14, 2026 9:27 pm IST

अहमदाबाद, 14 फरवरी (भाषा) न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण के सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबलों में से एक में मार्क चैपमैन (48) और डेरिल मिचेल (32) के बीच 74 रन की जवाबी साझेदारी के दम पर शनिवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 175 रन बनाए।

तेज और उछाल वाली पिच पर दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप डी के इस मैच में पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत से इतर मुकाबला होने के बावजूद करीब 30,000 दर्शकों की मौजूदगी में मैच ने उम्मीदों के अनुरूप रोमांच पैदा किया। दोनों टीमें इस मुकाबले से पहले अजेय थीं।

टिम सीफर्ट (नौ गेंदों पर 13 रन) ने मार्को यानसन का स्वागत छक्के के साथ किया, जबकि फिन एलन ने लुंगी एनगिडी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए एक ही ओवर में छक्का और चौका जड़ा।

टीम का स्कोर 33 रन तक पहुंचा ही था कि यानसन ने अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर सीफर्ट को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच करा दिया।

उन्होंने इसके बाद रचिन रविंद्र (13) को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया और जल्द ही खतरनाक एलन (17 गेंदों पर 31 रन) को कप्तान एडेन मारक्रम के हाथों कैच आउट कर दिया।

बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज ने शानदार लय में चल रहे  ग्लेन फिलिप्स (एक) को बोल्ड कर सात ओवर के अंदर 64 रन पर चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड को संकट में डाल दिया।

एनगिडी (34 रन पर एक विकेट) और कागिसो रबाडा को पिच से मदद मिली, लेकिन वे इसका पूरा फायदा नहीं उठा सके।

चैपमैन और मिचेल ने इसके बाद संयम और नियंत्रित आक्रामकता के साथ पारी संभाली। चैपमैन ने 26 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाए ।

मिचेल (24 गेंदों पर 32 रन) ने उनका अच्छे से साथ दिया। उन्होंने मारक्रम की गेंद पर लंबा छक्का जड़कर दबाव कम किया। चैपमैन ने भी मारक्रम को छक्का लगाकर ओवर से 15 रन बटोरे।

न्यूजीलैंड जब अंतिम ओवरों में बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था तब यानसन ने चैपमैन को अर्धशतक से वंचित कर  टीम की वापसी कराई। रेयान रिकेल्टन ने उनका कैच लपका। मिचेल भी जल्द ही एनगिडी का शिकार बने। कप्तान मिचेल सैंटनर को कॉर्बिन बोश ने सस्ते में आउट कर दिया।

यानसन 40 रन पर चार विकेट लेकर टीम के गेंदबाज रहे। बोश ने चार ओवर में 34 रन देकर एक विकेट लिया और सधी हुई लाइन बनाए रखी। महाराज ने 24 रन पर एक विकेट लिया।

आखिरी ओवरों में जेम्स नीशम की नाबाद 23 रन की बदौलत न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में