धीरज की नजरें दोहरे पदक पर, अन्य स्पर्धाओं में भारत की उम्मीदें खत्म
धीरज की नजरें दोहरे पदक पर, अन्य स्पर्धाओं में भारत की उम्मीदें खत्म
अंतालया, 12 जून (भाषा) धीरज बोम्मदेवरा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में शुक्रवार को पुरुषों की रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
वह इस तरह दूसरे पदक की दौड़ में बने हुए हैं।
उन्होंने एक दिन पहले ही युवा खिलाड़ी कुमकुम मोहोड के साथ मिलकर मिश्रित टीम फाइनल में प्रवेश किया था। सेना के इस तीरंदाज ने दबाव की स्थिति में बेहतरीन संयम का परिचय दिया।
धीरज ने प्री-क्वार्टर फाइनल में ईरान के मोहम्मद हुसैन गोलशानी को 6-2 (28-26, 30-28, 28-30, 30-29) से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में उन्होंने इटली के मासिमिलियानो मांडिया को भी 6-2 से पराजित किया। यह मुकाबला बेहद करीबी रहा, जिसमें स्कोर 29-29, 28-28, 29-30, 29-28, 29-28 रहा।
मिश्रित टीम स्पर्धा में कम से कम रजत पदक सुनिश्चित करने के बाद धीरज अब पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जर्मनी के मोरिट्ज़ वाइज़र का सामना करेंगे और रविवार को दूसरी बार पोडियम पर जगह बनाने की कोशिश करेंगे।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हालांकि भारत का अभियान समाप्त हो गया, क्योंकि रिकर्व और कंपाउंड दोनों वर्गों में शेष सभी तीरंदाज बाहर हो गए। दोनों वर्गों की टीम स्पर्धाओं में भी भारतीय तीरंदाज पहले ही बाहर हो चुके थे।
सबसे बड़ी निराशा कंपाउंड वर्ग में देखने को मिली, जहां भारत के सामान्य रूप से शानदार प्रदर्शन करने वाले तीरंदाज इस बार खाली हाथ लौटे।
रिकर्व महिला वर्ग में दीपिका कुमारी भारत की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं। वह प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं, लेकिन स्पेन की एलिया कैनालेस से 2-6 से हार गईं।
एशियाई खेलों के लिए चयनित कुमकुम मोहोड, अंकिता भकत और कीर्ति अग्रवाल भी अंतिम 32 के दौर में ही बाहर हो गईं।
पुरुष कंपाउंड वर्ग में गणेश थिरुमुरु 143-147 से ऑस्ट्रिया के शीर्ष वरीय निको वीनर से हार गए। वहीं कुशल दलाल बेहद करीबी मुकाबले में 148-149 से हारकर बाहर हो गए।
महिला कंपाउंड में ज्योति सुरेखा वेन्नम 144-146 से डेनमार्क की तान्या गेलेंटिएन से हार गईं, जबकि परनीत कौर 145-147 से स्पेन की एलेक्सा मिसिस ओलिवारेस से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


