नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) अरुण सिंह धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार का 18 सितंबर को होने वाली भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में आईपीएल संचालन परिषद के लिए पुन: निर्विरोध चुना जाना तय है।
बीसीसीआई के निर्वाचन अधिकारी एके ज्योति ने बीसीसीआई संविधान के नियम 28 के तहत आईपीएल संचालन परिषद के दो पदों के लिए चुनाव अधिसूचना जारी कर दी है।
आम सभा से चुने जाने वाले दोनों सदस्य एक साल के कार्यकाल के लिए परिषद में रहते हैं और उन्हें एजीएम में फिर से चुनाव लड़ना होता है। नामांकन नौ और 10 सितंबर को स्वीकार किए जाएंगे जबकि जांच के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची 12 सितंबर को जारी की जाएगी।
आईपीएल संचालन परिषद के प्रमुख धूमल हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि मजूमदार मिजोरम का प्रतिनिधित्व करते हैं।
सात सदस्यीय संचालन परिषद में आम सभा के दो अन्य प्रतिनिधि बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट हैं। परिषद के शेष सदस्यों में बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), भारतीय क्रिकेटर्स संघ का एक प्रतिनिधि और नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) का एक नामित सदस्य शामिल है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता