डीएलटीए ने भारतीय डेविस कप टीम को सम्मानित किया

Ads

डीएलटीए ने भारतीय डेविस कप टीम को सम्मानित किया

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 03:14 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 03:14 PM IST

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) ने यहां चल रहे दिल्ली ओपन के दौरान नीदरलैंड पर शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय डेविस कप टीम को सम्मानित किया।

भारत ने इस महीने की शुरु में बेंगलुरु में एक रोमांचक मुकाबले में छठी रैंकिंग वाली नीदरलैंड की टीम को 3-2 से हराकर सितंबर में होने वाले क्वालीफायर के दूसरे दौर में जगह बनाई। भारतीय टीम की तब रैंकिंग 33 थी।

डीएलटीए अध्यक्ष रोहित राजपाल ने मंगलवार रात को सम्मान समारोह के दौरान कहा, ‘‘डीएलटीए में हम हर स्तर पर भारतीय टेनिस का समर्थन करने और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ’’

दिल्ली ओपन के दूसरे दौर में पहुंच चुके सुमित नागल ने समारोह के दौरान मीडिया से इस जीत पर बात करते हुए कहा, ‘‘सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आप कोर्ट में जाकर अपना मैच जीतते हैं तो यह आसान होता जाता है। स्विट्जरलैंड में हमें दो अंक मिले और इस बेंगलुरु मुकाबले में युकी भांबरी और दक्षिणेश्वर सुरेश ने सभी अंक हासिल किए। आखिर में डेविस कप मुकाबला टीम के बारे में है और सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया। ’’

नागल ने अपने साथी दक्षिणेश्वर सुरेश की भी तारीफ की जिन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ अपने दोनों एकल मैच जीते।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे 2016 में मिला था इसलिए मैं उन्हें 10 साल से जानता हूं। मैंने हमेशा उनका समर्थन किया है। वह बहुत अच्छे इंसान हैं, बहुत शांत और कोर्ट पर चतुर। मुझे भरोसा है कि वह अच्छा कर सकते हैं और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। जब भी उन्हें लगता है कि कुछ कमी है या कोई सलाह चाहिए तो वह इसके बारे में पूछते हैं। ’’

सितंबर में कोरिया के खिलाफ भारत के अगले मुकाबले के बारे में बात करते हुए नागल ने कहा कि यह आसान नहीं होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘आप शीर्ष 16 का मैच खेल रहे हैं तो अब आपको आसान मैच नहीं मिल सकता। उनकी टीम हमेशा अच्छा खेलती है, उन्होंने डेविस कप में हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं जानता हूं कि यह एक मुश्किल मैच होगा लेकिन अगर आप अच्छा खेल रहे हैं तो आपके पास जीतने का मौका होता है। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत