इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए दिया 151 रन का लक्ष्य
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए दिया 151 रन का लक्ष्य
लंदन, पांच जुलाई (भाषा) इंग्लैंड ने कप्तान नैट साइवर ब्रंट (नाबाद 58 रन) के अर्धशतक से रविवार को यहां महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार विकेट पर 150 रन बनाए।
नैट साइवर ब्रंट ने 53 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में पांच चौके लगाए। उन्होंने फ्रेया केंप (नाबाद 44 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि 55 गेंद की इस साझेदारी के दौरान केंप ने आक्रामक बल्लेबाजी की।
छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी गेंदबाजों ने अच्छी शुरूआत कराई। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में एमी जोंस (06) का विकेट झटक लिया जिन्हें लुसी हैमिल्टन ने आउट किया।
एनाबेल सदरलैंड ने फिर शानदार लय में चल रही डैनी वाट हॉज (08) के रूप में ऑस्ट्रेलिया को बड़ी सफलता दिलाया।
एलिस कैप्से (23 रन, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) अच्छी लय में दिख रही थीं, उन्होंने पारी का पहला छक्का लगाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू ने उन्हें बोल्ड कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया।
हीथर नाइट छह गेंद ही खेल सकी और किम गार्थ की गेंद पर पगबाधा आउट हुईं।
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट एक छोर पर डटी रहीं, फिर उन्हें फ्रेया केंप का साथ मिला जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
भाषा
नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


