यूरो चैंपियन कोच मैनचिनी की इटली टीम में वापसी

Ads

यूरो चैंपियन कोच मैनचिनी की इटली टीम में वापसी

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 09:48 PM IST

मिलान, 28 जुलाई (एपी) विश्व कप से लगातार तीसरी बार बाहर होने के बाद संकट में घिरी इटली फुटबॉल टीम को संभालने की जिम्मेदारी एक बार फिर रॉबर्टो मैनचिनी को सौंपी गई है।

इटैलियन फुटबॉल महासंघ (एफआईजीसी) के अध्यक्ष जियोवानी मालागो ने मंगलवार को मैनचिनी को राष्ट्रीय टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त करने का ऐलान किया। इसके साथ ही क्लाउडियो रानिएरी को नया तकनीकी निदेशक बनाया गया है।

मालागो ने कहा कि समय कम था और कई कारणों को ध्यान में रखते हुए 61 वर्षीय मैनचिनी को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया गया। उन्होंने बताया कि बुधवार को मैनचिनी और रानिएरी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।

मैनचिनी इससे पहले 2018 से 2023 तक इटली के कोच रह चुके हैं और उनके नेतृत्व में टीम ने 2021 में यूरोपीय चैंपियनशिप का खिताब जीता था।

मैनचिनी ने अगस्त 2023 में अचानक इटली के कोच पद से इस्तीफा दे दिया था और इसके दो सप्ताह बाद सऊदी अरब की राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी संभाल ली थी।

उनके इस फैसले पर सवाल उठे थे, लेकिन मालागो ने कहा कि इस मामले में सभी जरूरी आकलन किए गए हैं और मैनचिनी की हालिया माफी को भी ध्यान में रखा गया है।

मैनचिनी के पहले कार्यकाल में इटली ने शानदार प्रदर्शन किया था। यूरो 2020 में इटली ने इंग्लैंड को वेम्बली स्टेडियम में पेनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीता था। इस दौरान टीम ने लगातार 37 मैचों में अजेय रहने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था। हालांकि, 2022 विश्व कप क्वालीफाइंग प्लेऑफ में उत्तर मैसेडोनिया से हार के बाद इटली विश्व कप से बाहर हो गया था।

एपी

आनन्द सुधीर

सुधीर