बर्मिंघम, 28 जुलाई (भाषा) इंग्लिश काउंटी क्लब वारविकशर बेयर्स ने भारत की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को 2026 घरेलू सत्र के अंत तक के लिए अनुबंधित किया है। क्लब ने मंगलवार को यह घोषणा की।
वारविकशर बेयर्स महिला टीम के मुख्य कोच अली मेडन ने कहा, ‘‘यह हमारी टीम के लिए शानदार अनुबंध है और हमें प्रतिका का एजबेस्टन में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। इस समय एकदिवसीय कप अंक तालिका में हमारी स्थिति अच्छी है। प्रतिका जैसी स्तर की खिलाड़ी के जुड़ने से हमारी टीम और मजबूत होगी तथा हमें उम्मीद है कि हम सत्र का सकारात्मक अंत करेंगे।’’
वारविकशर से जुड़ने पर प्रतिका ने कहा, ‘‘वारविकशर से जुड़कर मैं बेहद खुश हूं। मैंने इस क्लब के बारे में बहुत अच्छी बातें सुनी हैं। मैं यहां अपनी शुरुआत करने और टीम की हरसंभव मदद करने के लिए उत्साहित हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इंग्लैंड में खेलकर खुद को परखना मेरे लिए शानदार अनुभव होगा। विश्व क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदानों में से एक एजबेस्टन पर खेलने का भी मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।’’
प्रतिका 19 अगस्त को एजबेस्टन में यॉर्कशर के खिलाफ होने वाले मेट्रो बैंक एकदिवसीय कप मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगी।
पच्चीस वर्षीय प्रतिका ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और जल्द ही 50 ओवर प्रारूप की दुनिया की बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में अपनी जगह बना ली। उन्होंने अपने शुरुआती 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में लगभग 70 की औसत से 600 से अधिक रन बनाए।
अगले वर्ष उन्होंने 2025 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में अपने करियर का दूसरा एकदिवसीय शतक लगाया।
प्रतिका 308 रन बनाकर टूर्नामेंट की सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान रहीं। हालांकि चोट के कारण वह फाइनल नहीं खेल सकीं।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द