रौनक ताइपे ओपन के मुख्य ड्रॉ में लेकिन अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए निराशाजनक रहा दिन

Ads

रौनक ताइपे ओपन के मुख्य ड्रॉ में लेकिन अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए निराशाजनक रहा दिन

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 09:26 PM IST

ताइपे सिटी (ताइवान), 28 जुलाई (भाषा) भारत के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी रौनक चौहान ने क्वालीफाइंग दौर में लगातार दो प्रभावशाली जीत दर्ज कर ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली लेकिन मंगलवार को भारतीय खिलाड़ियों के लिए कुल मिलाकर दिन निराशाजनक रहा।

हाल ही में यूएस ओपन में अपने करियर के पहले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 300 सेमीफाइनल में पहुंचने वाले 18 वर्षीय रौनक ने दूसरे क्वालीफाइंग दौर में मेजबान चीनी ताइपे के कुओ कुआन लिन को 24-22, 21-10 से हराकर मुख्य ड्रॉ का टिकट हासिल किया।

रायपुर के युवा खिलाड़ी ने पहले क्वालीफाइंग मुकाबले में कनाडा के जोशुआ गुयेन को 21-15, 21-11 से मात दी थी।

मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में अब रौनक का सामना इंडोनेशिया के रिची दूता रिचार्डो से होगा।

रौनक को छोड़कर पुरुष एकल क्वालीफायर में भाग लेने वाले अन्य सभी भारतीय खिलाड़ी पहले दौर में ही बाहर हो गए।

मिश्रित युगल के मुख्य ड्रॉ में ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा की जोड़ी को मेजबान चीनी ताइपे के साई फू चेंग और सुंग यू-ह्सुआन ने 21-10, 21-11 से हराकर पहले दौर में ही बाहर कर दिया।

ध्रुव रावत और मनीषा के. की मिश्रित जोड़ी को थाईलैंड के सुपाक जोमकोह और ओर्ननिचा जोंगसाथापोर्न के खिलाफ 13-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनका अभियान भी समाप्त हो गया।

सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा की जोड़ी भी तीसरी वरीयता प्राप्त अमेरिका के प्रेस्ली स्मिथ और जेनी गाई से 13-21, 15-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

पुरुष एकल में रित्विक संजीव जापान के क्वालीफायर में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रिकी ताकेई से 10-21, 11-21 से, जबकि शंकर सुब्रमण्यम अमेरिका के गैरेट टैन से 17-21, 10-21 से हार गए।

तुषार सुवीर ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में उन्हें चीनी ताइपे के कुआन लिन कुओ से 19-21, 21-16, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।

महिला एकल क्वालीफायर में भाग ले रही एकमात्र भारतीय खिलाड़ी चौथी वरीयता प्राप्त आकर्षी कश्यप भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और मलेशिया की किसोना सेल्वादुरे से 15-21, 19-21 से हार गईं।

अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और अर्जुन रेड्डी पोचाना की भारतीय जोड़ी भी पुरुष युगल क्वालीफाइंग दौर में चीनी ताइपे की जोड़ी चेन बो युआन और लू मिंग चे से 5-21, 8-21 से हार गई।

पुरुष युगल क्वालीफाइंग में दोड्डावरापु और अर्जुन रेड्डी पोचाना की जोड़ी जबकि महिला युगल में अदिति भट्ट और श्रावणी वालेकर की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा।

बुधवार को मुख्य ड्रॉ में भारत की चुनौती की अगुआई एचएस प्रणय और उन्नति हुड्डा करेंगे।

पुरुष एकल में भारत की ओर से मिथुन मंजूनाथ, किरण जॉर्ज, तरुण मन्नेपल्ली और सनीत दयानंद भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। वहीं महिला एकल में अनमोल खरब, देविका सिहाग और ईशरानी बरुआ सहित कई भारतीय खिलाड़ी मुकाबले में उतरेंगी।

भ्ज्ञाषा आनन्द सुधीर

सुधीर