मोरक्को के खिलाफ नीदरलैंड की हार के बाद पुलिस से भिड़े प्रशंसक

मोरक्को के खिलाफ नीदरलैंड की हार के बाद पुलिस से भिड़े प्रशंसक

मोरक्को के खिलाफ नीदरलैंड की हार के बाद पुलिस से भिड़े प्रशंसक
Modified Date: June 30, 2026 / 02:06 pm IST
Published Date: June 30, 2026 2:06 pm IST

द हेग, 30 जून (एपी) मोरक्को ने सोमवार रात नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में हराकर फुटबॉल विश्व कप से बाहर कर दिया जिसके बाद द हेग में फुटबॉल प्रशंसकों की पुलिस से झड़प हुई जबकि कासाब्लांका में जश्न मनाया गया।

नीदरलैंड में मोरक्को के लोगों की काफी बड़ी आबादी है और जीत के बाद मोरक्को फुटबॉल टीम के प्रशंसक जश्न के मूड में थे लेकिन इस दौरान छिटपुट झड़पें भी हुईं।

द हेग में पुलिस ने बताया कि शिल्डर्सविज्क हलाके में जबरदस्त आतिशबाजी की गई और पुलिसकर्मियों पर पटाखे और पत्थर फेंके गए। दंगा रोधी दस्ते ने भीड़ पर धावा बोला और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की तेज बौछार का इस्तेमाल किया।

पुलिस ने कहा, ‘‘हिंसा करने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

जब पेनल्टी शूटआउट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंचा तो मोरक्को के सबसे बड़े शहर कासाब्लांका में प्रशंसकों के बीच मशहूर एक कॉफी की दुकान में छाई तनावपूर्ण खामोशी जबरदस्त शोर में बदल गई। इस्माइल सैबारी ने निर्णायक पेनल्टी किक को गोल में बदलकर अपनी टीम को प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया।

जल्द ही जश्न सड़कों पर फैल गया। आतिशबाजी होती रही, हॉर्न बज रहे थे और इंजन की आवाजें गूंज रही थीं क्योंकि प्रशंसक देर रात तक जश्न मनाते रहे।

देर से मैच शुरू होने और अगले दिन काम पर जाने की मजबूरी के बावजूद कासाब्लांका के एक मुख्य रास्ते पर सुबह करीब पांच बजे (स्थानीय समय) दर्जनों उत्साहित प्रशंसक जमा थे। वे सड़कों पर नाच रहे थे, मोरक्को के झंडे लहरा रहे थे और नारे लगा रहे थे, ‘‘कनाडा, हम आ रहे हैं।’’

मोरक्को अब शनिवार को अगले दौर में सह मेजबान कनाडा का सामना करेगा। टीम ने इससे पहले 2022 विश्व कप के ग्रुप चरण में कनाडा को 2-1 से हराया था।

मोरक्को में उम्मीदें बढ़ रही हैं क्योंकि समर्थक चार साल पहले की तरह एक और ऐतिहासिक सफर का सपना देख रहे हैं। तब टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनी थी।

एपी सुधीर पंत

पंत


लेखक के बारे में