ब्राजील के विश्व कप से बाहर होने पर केरल में छलका प्रशंसकों का दर्द
ब्राजील के विश्व कप से बाहर होने पर केरल में छलका प्रशंसकों का दर्द
तिरुवनंतपुरम, छह जुलाई (भाषा) फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में ब्राजील की चौकाने वाली हार से केरल में मायूसी का माहौल है जहां के प्रशंसक निराशा में टीम के विशाल कटआउट हटाने के साथ भावुक वीडियो साझा किए और महान फुटबॉलर नेमार के अंतरराष्ट्रीय करियर को भावुक अंदाज में विदाई दी।
केरल में फुटबॉल केवल खेल नहीं बल्कि एक जुनून है और ब्राजील की हार ने बड़ी संख्या में यहां मौजूद प्रशंसकों को झकझोर दिया।
पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील की प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे से 1-2 की हार से मलप्पुरम से लेकर कोझिकोड तक निराशा में दिखा। हार के बाद सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर निराशा और भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
विश्व कप से पहले केरल के कई इलाकों में नेमार और ब्राजील के अन्य खिलाड़ियों के विशाल कटआउट और फ्लेक्स लगाए गए थे, जो ब्राजील फुटबॉल के प्रति राज्य के गहरे लगाव का प्रतीक थे। लेकिन हार के कुछ घंटों के भीतर ही निराश समर्थकों ने इनमें से अधिकांश कटआउट और बैनर हटा दिए।
सोशल मीडिया पर ब्राजील समर्थकों की भावुक प्रतिक्रियाओं वाले कई वीडियो वायरल हो गए। सबसे मार्मिक वीडियो में एक छोटा बच्चा हार के बाद बिस्तर पर लेटकर फूट-फूटकर रोता दिखाई दिया, जबकि उसकी मां उसे सांत्वना देने की कोशिश करती रही।
कोझिकोड से सामने आए एक अन्य वीडियो में सार्वजनिक स्क्रीनिंग के दौरान पीली जर्सी पहने सैकड़ों प्रशंसक ब्राजील के हर आक्रमण पर उत्साह से झूमते नजर आए। हालांकि नॉर्वे के विजयी गोल के साथ ही उत्सव का माहौल अचानक गहरे सन्नाटे में बदल गया।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों के किनारे लगे ब्राजील के विशाल फ्लेक्स और बैनर हटाते समर्थकों के दृश्य भी सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए।
एक प्रशंसक ने फेसबुक पर मलयालम में लिखा, ‘‘पांच बार का विश्व चैंपियन ब्राजील अब सिर्फ इतिहास के सहारे जीता नजर आता है। 2002 के बाद हमारे हिस्से में केवल उम्मीदें ही आई हैं। इस बार भी सपना प्री-क्वार्टर फ़ाइनल में टूट गया।’’
ब्राजील की हार के तुरंत बाद नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी, जिससे प्रशंसकों की निराशा और बढ़ गई।
उनकी घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर भावुक संदेशों की बाढ़ आ गई।
एक प्रशंसक ने लिखा, ‘‘किंग, यादगार लम्हों के लिए धन्यवाद। आपकी जगह कोई नहीं ले सकता।’’
वरिष्ठ माकपा नेता और ब्राजील के प्रबल समर्थक वी. शिवनकुट्टी ने भी फेसबुक पर लिखा, ‘‘फुटबॉल को इतना खूबसूरत बनाने के लिए धन्यवाद, नेमार।’’
इस बीच अर्जेंटीना के समर्थक और माकपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री एम.एम. मणि ने हल्के-फुल्के अंदाज में ब्राजील समर्थकों पर तंज कसते हुए फेसबुक पर लिखा, ‘‘आज से ब्राजील के सभी प्रशंसक ‘ब्रांस (ब्राजील + फ्रांस)’ बन गए हैं… 2022 की कहानी फिर दोहराई गई।’’
भाषा
आनन्द पंत
पंत

Facebook


