मेसी का नहीं चला जादू, क्रोएशिया ने अर्जेंटीना को 3-0 से दी शिकस्त

Ads

मेसी का नहीं चला जादू, क्रोएशिया ने अर्जेंटीना को 3-0 से दी शिकस्त

  •  
  • Publish Date - June 22, 2018 / 05:47 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:06 PM IST

मॉस्को। फीफा विश्व कप में खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही अर्जेंटीना की टीम के लिए दिग्गज लियोनेल मेसी कल के मैच में कुछ नहीं कर पाए। आइसलैंड के खिलाफ पहले मैच में वे पेनल्टी पर गोल करने से चूक गए थे, और इस मैच में भी उनका कोई जादू नहीं चला। पहले मैच में ड्रॉ के लिए मजबूर होने वाली अर्जेंटीना की टीम फीफा विश्व कप-2018 के अपने दूसरे मैच में क्रोएशिया से बुरी तरह हार गई। निजनी नोवगोरोद स्टेडियम में ग्रुप-डी के मुकाबले में गुरुवार देर रात उसे क्रोएशियाई टीम ने 3-0 से शिकस्त दी।

ये भी पढ़ें- LIVE रिपोर्टिंग के दौरान महिला पत्रकार से शर्मनाक हरकत

इसके साथ ही क्रोएशिया ने लगातार दूसरी जीत के साथ अंतिम-16 में अपना स्थान पक्का कर लिया है। वह उरुग्वे, मेजबान रूस और फ्रांस के बाद मौजूदा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। क्रोएशिया की टीम 1998 फीफा विश्व कप के बाद पहली बार प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हुई है। अर्जेंटीना के लिए अगले दौर में पहुंचने की राह और मुश्किल हो गई है, ग्रुप डी में दो मैच के बाद अर्जेंटीना एक अंक के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद है। अर्जेंटीना अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में मंगलवार को नाइजीरिया से भिड़ेगी, जबकि क्रोएशिया का सामना आइसलैंड से होगा। वहीं दूसरे मुकाबले में फ्रांस ने ग्रुप सी मुकाबले में पेरू को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप 2018 के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। फ्रांस की ओर से 19 साल के किलियन एमबापे ने 34वें मिनट में गोल किया।

ये भी पढ़ें- यूपी से नौकरी का ऑफर देकर युवकों को कश्मीर बुलाया, फिर उकसाया पत्थरबाजी के लिए

पेरू की टीम अंतिम-16 की होड़ से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई है। उससे पहले सऊदी अरब, मिस्र और मोरक्को की टीमें रेस से बाहर हो चुकी हैं। इसी तरह कप्तान माइल जेडिनैक के गोल की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने डेनमार्क को 1-1 की बराबरी पर रोक लिया। फीफा वर्ल्ड कप में आठ साल बाद ऑस्ट्रेलिया को कोई प्वाइंट मिला है। इस ड्रॉ की मदद से डेनमार्क की टीम चार अंकों के साथ ग्रुप सी में पहले स्थान पर पहुंच गई है। फ्रांस तीन अंकों के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। फीफा वर्ल्ड कप में आज ब्राजील और कोस्टा रिका के बीच रोमांचक भिड़ंत होगी…वहीं, नाइजीरिया-आइसलैंड और सर्बिया-स्विटजरलैंड के बीच भी मुकाबला दिलचस्प होगा।

 

 

वेब डेस्क, IBC24