श्रीलंका दौरे से पहले फिटनेस बनी चिंता, वाशिंगटन का खेलना संदिग्ध, सारांश को मिल सकता है मौका

श्रीलंका दौरे से पहले फिटनेस बनी चिंता, वाशिंगटन का खेलना संदिग्ध, सारांश को मिल सकता है मौका

श्रीलंका दौरे से पहले फिटनेस बनी चिंता, वाशिंगटन का खेलना संदिग्ध, सारांश को मिल सकता है मौका
Modified Date: July 26, 2026 / 04:04 pm IST
Published Date: July 26, 2026 4:04 pm IST

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) भारतीय चयनकर्ता श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले चयन को लेकर दुविधा में हैं, क्योंकि वाशिंगटन सुंदर की 15 अगस्त से गॉल में होने वाले पहले मैच के लिए समय पर ठीक होने की संभावना नहीं है, जिससे रिजर्व स्पिनर का स्थान खाली हो जाएगा।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम की घोषणा मंगलवार को की जाएगी और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के लिए सबसे बड़ी चुनौती फिट टीम का चयन करना है क्योंकि कई खिलाड़ी फिटनेस संबंधी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।

सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी फिटनेस टेस्ट देना होगा। वह चोट लगने के कारण लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में नहीं खेल पाए थे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ ने फिटनेस संबंधी अपडेट जारी कर बताया है कि हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी दोनों ही श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। यह दोनों खिलाड़ी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं और अभी फिट होने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

चयन मामलों से परिचित बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘वाशिंगटन दूसरे टेस्ट तक ही फिट हो पाएंगे। यह देखना बाकी है कि चयनकर्ता उनकी फिटनेस के आधार पर उन्हें एक मैच के लिए चुनते हैं या नहीं। अगर ऐसा नहीं हो पता है तो उन्हें स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव के अलावा चौथे विकल्प की तलाश करनी होगी। अगर वे हर्ष दुबे का चयन करते हैं, तो तीन गेंदबाज एक जैसे कौशल के हो जाएंगे।’’

ऐसी परिस्थितियों में ऑफ-स्पिनर सारांश जैन को मौका मिल सकता है, जो निचले मध्य क्रम में एक उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। सारांश ने हाल में श्रीलंका ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो मैचों में छह विकेट लिए और एक मैच में नाबाद 70 रन बनाए। मुख्य कोच गौतम गंभीर बल्लेबाजी क्रम को मजबूत रखने की रणनीति को प्राथमिकता देते रहे हैं और ऐसे में सारांश अच्छे विकल्प हो सकते हैं।

अन्य विकल्पों में जीशान अंसारी और विपराज निगम जैसे कलाई के स्पिनर शामिल हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि निगम सीमित ओवरों के प्रारूप के लिए अधिक उपयुक्त हैं।

बुमराह के उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे।

एक अन्य तेज गेंदबाज आकाशदीप अभी भी ‘स्ट्रेस फ्रैक्चर’ से उबर रहे हैं।

सूत्र ने कहा, ‘‘आकाश निर्देशों के अनुसार प्रतिदिन लगभग 12-15 गेंदें फेंक रहे हैं। उन्हें पूरी तरह फिट होने में अभी कुछ समय लगेगा।’’

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा।

इस बीच बीसीसीआई सूत्रों ने बताया कि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पूरी तरह से फिट हो गए हैं और अगस्त से भारत की तरफ से सीमित ओवरों के मैच खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में