सीएबी के पूर्व अध्यक्ष ने नये खेल मंत्री खान से भ्रष्टाचार-रोधी हेल्पलाइन शुरू करने की अपील की
सीएबी के पूर्व अध्यक्ष ने नये खेल मंत्री खान से भ्रष्टाचार-रोधी हेल्पलाइन शुरू करने की अपील की
कोलकाता, 13 जून (भाषा) बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक डालमिया ने पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खान को पत्र लिखकर राज्य में खेलों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों को देखते हुए एक विशेष ‘स्पोर्ट्स इंटेग्रिटी’ और भ्रष्टाचार-रोधी हेल्पलाइन स्थापित करने की मांग की है।
मंत्री को लिखे खुले पत्र में डालमिया ने विभिन्न खेलों में कथित भ्रष्टाचार, पक्षपात, पात्रता में हेरफेर और पद के दुरुपयोग जैसे मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों की समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है, क्योंकि इनके अनसुलझे रहने से खेल संस्थानों पर जनता का भरोसा कमजोर होता है।
डालमिया ने लिखा, “भ्रष्टाचार, वसूली, वित्तीय अनियमितताओं, अधिकारों के दुरुपयोग और कदाचार से जुड़ी शिकायतों की तुरंत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जानी चाहिए।”
यह पत्र उस शिकायत के बाद आयी है जो सीएबी के एक सदस्य अंबरिश मित्रा के खिलाफ दर्ज कराई गई थी, जिन्होंने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है।
डालमिया ने किसी व्यक्ति का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि एक प्रतिष्ठित खेल संस्था के सदस्य पर खिलाड़ियों से टीम में अवसर दिलाने के बदले पैसे लेने के आरोप लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक लेन-देन और भुगतान से जुड़े दस्तावेज तथा स्क्रीनशॉट अधिकारियों को सौंपे गए हैं, लेकिन अब तक कोई पारदर्शी जांच नहीं हुई है।
उन्होंने दोहराया, “चाहे ये आरोप अंततः सही साबित हों या नहीं, भ्रष्टाचार, वसूली, वित्तीय अनियमितताओं, अधिकारों के दुरुपयोग और कदाचार से जुड़ी शिकायतों की तुरंत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जानी चाहिए।”
डालमिया ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि एक गोपनीय शिकायत प्रणाली बनाई जाए, जिसके जरिए खिलाड़ी, अभिभावक, कोच और व्हिसलब्लोअर बिना डर के भ्रष्टाचार, पक्षपात और वित्तीय अनियमितताओं की रिपोर्ट कर सकें।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


