फ्रेडरिको फेरेरा सिल्वा ने चेन्नई ओपन में अपने करियर का पहला एटीपी चैलेंजर एकल खिताब जीता
फ्रेडरिको फेरेरा सिल्वा ने चेन्नई ओपन में अपने करियर का पहला एटीपी चैलेंजर एकल खिताब जीता
चेन्न्ई, 15 फरवरी (भाषा) पुर्तगाल के छठी वरीयता प्राप्त फ्रेडेरिको फरेरा सिल्वा ने चेन्नई ओपन एटीपी चैलेंजर पुरुष अंतरराष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में रविवार को यहां अर्जेंटीना के दूसरी वरीयता प्राप्त फेडेरिको अगस्टिन गोमेज को कड़े मुकाबले में पराजित कर इस स्तर का अपना पहला खिताब जीता।
विश्व रैंकिंग में 255वें स्थान पर काबिज सिल्वा ने दो घंटे 58 मिनट तक चले मुकाबले में रैंकिंग में 196वें स्थान के खिलाड़ी पर 6-4, 6-7, 6-4 से जीत दर्ज की।
पहले सेट की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी। बाएं हाथ के सिल्वा ने हालांकि नौवें गेम में निर्णायक ब्रेक हासिल किया और अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 6-4 से सेट अपने नाम किया।
दूसरा सेट भी लगभग इसी अंदाज में आगे बढ़ा, जहां शुरुआती चरण में दोनों ने सर्विस ब्रेक किए। 2-2 के स्कोर के बाद किसी को ब्रेक नहीं मिला और सेट टाई-ब्रेक में पहुंच गया। चार बार एटीपी चैलेंजर खिताब जीत चुके गोमेज ने टाई-ब्रेक में चार मैच प्वाइंट बचाए और 12-10 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
सिल्वा ने निर्णायक सेट में दमदार वापसी की और 5-2 की बढ़त बना ली। गोमेज ने एक बार फिर संघर्ष करते हुए पांचवां मैच प्वाइंट बचाया और स्कोर 5-4 तक ले आए। फाइनल में 13 ऐस लगाने वाले अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने भरपूर कोशिश की लेकिन सिल्वा ने सातवें मैच प्वाइंट पर जीत दर्ज कर ली।
यह सिल्वा के करियर का पहला एटीपी चैलेंजर एकल खिताब है। उन्हें 50 एटीपी रैंकिंग अंक और 9,500 डॉलर (लगभग 8,60 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि मिली। उपविजेता गोमेज़ को 25 रैंकिंग अंक और 5,500 डॉलर (लगभग पांच लाख रुपये) की राशि प्रदान की गई।
युगल वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के निकी कालियंदा पूनाचा और थाईलैंड के पुच्या इसारो ने शनिवार को खिताब अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में ब्रिटेन के जे क्लार्क और भारत के मुकुंद ससिकुमार को 6-4, 6-4 से हराया।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


