गिल की 86 रन की पारी से टाइटंस ने केकेआर को पांच विकेट से हराया
गिल की 86 रन की पारी से टाइटंस ने केकेआर को पांच विकेट से हराया
अहमदाबाद, 17 अप्रैल (भाषा) कैगिसो रबाडा (29 रन पर तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज (23 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कप्तान शुभमन गिल (86) की बेहतरीन पारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में शुक्रवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को दो गेंद शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया।
कैमरून ग्रीन ने लय में वापसी करते हुए 79 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन केकेआर की पारी 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर 180 रन पर सिमट गई। टाइटंस ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 181 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
केकेआर को मौजूदा सत्र में छह मैचों के बाद भी पहली जीत का इंतजार है। टाइटंस की पांच मैचों में यह तीसरी जीत है और टीम छह अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
गिल ने 50 गेंदों की पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाने के अलावा साई सुदर्शन (22) के साथ 31 गेंदों में 57 रन और जोस बटलर (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (13) के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े।
केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा, सुनील नारायण और रमनदीप सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला ग्रीन ने शुरुआती झटकों के बाद पारी को संभाला और 55 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उन्होंने रोवमैन पॉवेल (27) के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन और अनुकूल रॉय (नौ) के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की।
रबाडा और सिराज की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया, जबकि अशोक शर्मा (45 रन पर दो विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (32 रन पर एक विकेट) ने बीच के ओवरों में अच्छा साथ दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने अरोड़ा और कार्तिक त्यागी के खिलाफ आकर्षक चौकों से अपनी पारी का आगाज किया। उन्होंने तीसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए अनुकूल रॉय के खिलाफ तीन छक्के लगाकर अपने इरादे जाहिर किए।
गिल ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए अरोड़ा की धीमी गेंद पर लॉफ्टेड शॉट से छक्का जड़कर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए नारायण ने सुदर्शन को आउट कर पहले विकेट कर खतरनाक होती साझेदारी को तोड़ा।
बटलर ने इसी ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर पावरप्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 71 रन कर दिया। उन्होंने इसके बाद चक्रवर्ती का स्वागत छक्के से किया।
चक्रवर्ती ने अपने अगले ओवर में हालांकि बटलर को आउट कर मौजूदा आईपीएल में अपने पहले विकेट का इंतजार खत्म किया।
गिल ने नारायण के खिलाफ एक रन लेकर 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने चक्रवर्ती के खिलाफ चौका और छक्का लगाया और फिर त्यागी की गेंद को छक्के के लिए भेजकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी।
चक्रवर्ती ने हालांकि वाशिंगटन सुंदर को आउट कर टाइटंस की रनगति पर कुछ देर के लिए लगाम लगाई। इसका फायदा अरोड़ा को मिला, जिनकी गेंद पर ग्रीन ने शानदार कैच लपककर गिल की बेहतरीन पारी का अंत किया।
क्रीज पर ग्लेन फिलिप्स (19) और राहुल तेवतिया (नाबाद सात) की मौजूदगी के बावजूद केकेआर के गेंदबाज मैच को आखिरी ओवर तक खींचने में सफल रहे।
टाइटंस को आखिरी ओवर में चार रन की जरूरत थी। रमनदीप ने वाइड गेंद डालने के बाद फिलिप्स को आउट कर रोमांच बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन शाहरुख खान (नाबाद तीन) ने ओवर की चौथी गेंद पर दो रन लेकर टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहले चार ओवरों में ही तीन विकेट गंवा दिए।
टीम को शुरुआती झटकों से उबारने के बाद ग्रीन ने खासतौर पर राशिद खान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए पांच चौके और चार छक्के जड़े, हालांकि अफगान स्पिनर ने पारी की आखिरी गेंद पर उन्हें विकेटकीपर के हाथों कैच करा दिया।
ग्रीन को किस्मत का भी साथ मिला। वह शुरुआत में पगबाधा की अपील से बचे और फिर 14वें ओवर में राशिद की लगातार गेंदों पर उन्हें दो जीवनदान मिले। इस ओवर की दूसरी गेंद पर बटलर स्टंपिंग का मौका चूक गए, जबकि अगली गेंद पर बाउंड्री पर वाशिंगटन ने कैच टपका दिया। दोनों मौकों पर गेंद चार रनों के लिए चली गई। ग्रीन उस समय 58 रन पर खेल रहे थे।
एक छोर से विकेटों के लगातार पतन के कारण आखिरी ओवरों में ग्रीन तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे।
इससे पहले सिराज ने शुरुआती ओवर में अजिंक्य रहाणे को खाता खोले बिना आउट कर केकेआर को झटका दिया। इसके बाद रबाडा ने शानदार आउटस्विंगर पर अंगकृष रघुवंशी (आठ) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया।
सत्र का पहला मैच खेल रहे टिम सीफर्ट (19) ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन रबाडा की शॉर्ट गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने उनका शानदार कैच लपका।
रिंकू सिंह का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। वह एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि रमनदीप ने आठ गेंदों में 17 रन का योगदान दिया।
पॉवेल ने कुछ समय तक आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन अशोक शर्मा ने उन्हें धीमी गेंद पर आउट कर ग्रीन के साथ 55 रन की साझेदारी तोड़ दी।
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


