अहमदाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) गत चैंपियन गोकुलम केरल एफसी ने इंडिया वुमेंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत बुधवार को यहां ग्रुप ए मैच में ईस्ट बंगाल एफसी के खिलाफ 8-2 की आसान जीत के साथ की।
गोकुलम केरल की ओर से सबित्रा भंडारी ने पांच गोल दागे जबकि इंदुमति कथिरेसन, विवियन कोनाडु आदजेई और कप्तान डेंगमेई ग्रेस ने एक-एक गोल किया।
ईस्ट बंगाल का देश की शीर्ष महिला क्लब चैंपियनशिप में यह पहला मैच था।
ग्रुप ए के एक अन्य मैच में मुंबई नाइट्स ने कहानी फुटबॉल क्लब को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल स्ट्राइकर प्रियंका ने किया।
अन्य मैचों में स्पोर्ट्स ओडिशा ने करीबी मुकाबले में दिल्ली के होप्स एफसी को को 3-2 से हराया जबकि बेंगलोर के मिसाका यूनाईटेड एफसी ने छत्तीसगढ़ के माता रुकमणि फुटबॉल क्लब को 2-0 से शिकस्त दी।
भाषा सुधीर
सुधीर