ग्रीव्स के चार विकेट से पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज ने की वापसी
ग्रीव्स के चार विकेट से पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज ने की वापसी
तारौबा (त्रिनिदाद), 27 जुलाई (एपी) वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जस्टिन ग्रीव्स की घातक गेंदबाजी के दम पर मेजबान टीम ने पहले टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को जोरदार वापसी करते हुए लंच तक पाकिस्तान का स्कोर आठ विकेट पर 267 रन कर दिया।
ग्रीव्स ने लगातार चार मेडन ओवरों में चार विकेट झटकते हुए पाकिस्तान की पारी को संकट में डाल दिया जिससे टीम अब भी वेस्टइंडीज के पहली पारी के 311 रन के जवाब में 44 रन पीछे है।
पूर्व कप्तान शान मसूद ने कप्तानी गंवाने के बाद अपने पहले टेस्ट में शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 109 रन की पारी में 12 चौके लगाए और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। हालांकि, उनके आउट होते ही पाकिस्तान की पारी बिखर गई।
पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 199 रन से की। मसूद और सलमान आगा (20) ने चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़े, लेकिन शमार जोसेफ ने आगा का ऑफ स्टंप उखाड़कर इस साझेदारी का अंत कर दिया।
ग्रीव्स ने इसके बाद शानदार सीम गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के मध्यक्रम और निचले क्रम को तहस-नहस कर दिया। मसूद 244 के स्कोर पर ग्रीव्स की गेंद पर अंदरूनी किनारा लगने से बोल्ड हो गए। इस तेज गेंदबाज ने आमिर जमाल का मिडिल स्टंप बिखेर दिया और अली उस्मान को सात गेंदों में खाता खोले बिना पगबाधा किया।
लंच से ठीक पहले मोहम्मद रिजवान (12) ने कट शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन विकेटकीपर को कैच दे बैठे। इसके साथ ही ग्रीव्स ने अपने स्पैल का चौथा विकेट हासिल किया। लंच तक उनके आंकड़े 27 रन पर चार विकेट थे।
मसूद ने दिन की शुरुआत में 88 रन से आगे खेलते हुए 163 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, लेकिन ग्रीव्स की घातक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गयी।
एपी
आनन्द आनन्द मोना
मोना

Facebook


