गुलवीर, अभिषेक पाल और लिली दास दिल्ली हाफ मैराथन में भाग लेंगे

गुलवीर, अभिषेक पाल और लिली दास दिल्ली हाफ मैराथन में भाग लेंगे

गुलवीर, अभिषेक पाल और लिली दास दिल्ली हाफ मैराथन में भाग लेंगे
Modified Date: September 16, 2025 / 08:05 pm IST
Published Date: September 16, 2025 8:05 pm IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह के साथ भारत के कुछ प्रमुख मध्यम और लंबी दूरी के धावक अगले महीने वेदांत दिल्ली हाफ मैराथन में भाग लेंगे।

एशियाई चैंपियनशिप में पुरुषों की 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में दोहरे स्वर्ण पदक विजेता और दोनों स्पर्धाओं में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर ने 12 अक्टूबर को होने वाली इस प्रतियोगिता में भाग लेने की पुष्टि कर दी है। वह इस साल राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक विजेता अभिषेक पाल और अन्य के साथ ‘एलीट’ भारतीय वर्ग में खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

महिला वर्ग में मौजूदा दिल्ली हाफ मैराथन की भारतीय चैंपियन लिली दास, संजीवनी जाधव (टीसीएस विश्व 10के बेंगलुरु स्वर्ण पदक विजेता और हाल ही में बेंगलुरु में संपन्न सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 5000 मीटर में रजत पदक विजेता) और 2023 दिल्ली हाफ मैराथन विजेता कविता यादव, ‘एलीट’ भारतीय श्रेणी में खिताब की दावेदार होंगी।

अभिषेक 2018 और 2023 में दिल्ली हाफ मैराथन के भारतीय विजेता रहे हैं। उनका लक्ष्य आगामी प्रतियोगिता में 60 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं इस प्रतियोगिता में छठी बार भाग लूंगा और गुलवीर के साथ अपनी प्रतिद्वंद्विता का लुत्फ उठाने की कोशिश करूंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे 60 मिनट से कम समय में दौड़ पूरी करने लिए थोड़ी कड़ी ट्रेनिंग करनी होगी। मैं रांची में ‘ओपन नेशनल्स’ में भाग लूंगा और फिर दिल्ली हाफ मैराथन के लिए पूरी लगन से अपनी ट्रेनिंग शुरू करूंगा।’’

भाषा आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में