ब्राजील के खिलाफ मुकाबले से काफी कुछ सीख सकता है भारत: काफू
ब्राजील के खिलाफ मुकाबले से काफी कुछ सीख सकता है भारत: काफू
कोलकाता, आठ सितंबर (भाषा) ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर और 2002 की विश्व कप विजेता टीम के कप्तान काफू का मानना है कि पांच बार की विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ तीन अक्टूबर को होने वाले भारत के मैत्री मुकाबले को केवल एक बड़े आयोजन के रूप में नहीं बल्कि सीखने के अवसर के तौर पर देखना चाहिए।
कोलकाता का सॉल्ट लेक स्टेडियम तीन अक्टूबर को ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में कार्लो एंकेलोटी की ब्राजील और भारतीय फुटबॉल टीम की मेजबानी के लिए तैयार है।
काफू ने भारत दौरे के दौरान कहा, ‘‘भारत पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के खिलाफ अपनी राष्ट्रीय टीम के इतिहास का सबसे बड़ा मुकाबला खेलने जा रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह मैच काफी कुछ सीखने का मौका देगा। भारतीय टीम ब्राजील के खिलाड़ियों के साथ ज्ञान, विचार और अनुभवों का आदान-प्रदान कर इससे बहुत कुछ हासिल कर सकती है।’’
साओ पाउलो, एएस रोमा और एसी मिलान के 56 वर्षीय पूर्व डिफेंडर काफू ने भारत को इस बड़े मुकाबले को अगले विश्व कप चक्र की तैयारी के तौर पर देखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय टीम को इस मैच को सीखने के अनुभव के रूप में देखना चाहिए। अब 2030 विश्व कप होगा और यह भारतीय टीम के लिए शानदार तैयारी होगी। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीम के खिलाफ खेलना बहुत महत्वपूर्ण होगा।’’
काफू के लिए कोलकाता में होने वाला मुकाबला खास महत्व रखता है क्योंकि ब्राजील का इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘कोलकाता में पूरी ब्राजील टीम को देखकर वे उत्साहित नहीं होंगे बल्कि खुद को गौरवान्वित महसूस करेंगे। भारतीय लोग ब्राजील के फुटबॉल और खिलाड़ियों को बहुत पसंद करते हैं। मैं खुद यहां लोगों का प्यार, गर्मजोशी और सम्मान महसूस कर रहा हूं।’’
काफू ने ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले के साथ कोलकाता के संबंधों का भी जिक्र किया। पेले ने 1977 में न्यूयॉर्क कॉसमॉस टीम के साथ यहां एक प्रदर्शनी मुकाबला खेला था।
उन्होंने कहा, ‘‘पेले का कोलकाता से संबंध बहुत प्रभावशाली है। पेले एक आदर्श हैं। उनका यहां आकर भारतीयों को असली ब्राजीलियाई फुटबॉल दिखाना हमारे लिए गर्व की बात है।’’
काफू ने कहा, ‘‘आज यहां ब्राजील और राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मुझे और भी ज्यादा गर्व महसूस हो रहा है।”
ब्राजील की टीम हाल के विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है और 2002 में खिताबी जीत के बाद से फाइनल तक नहीं पहुंची है। हालांकि काफू का मानना है कि नई पीढ़ी के खिलाड़ी टीम को फिर से शीर्ष पर पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगले विश्व कप के लिए एस्टेवाओ विलियन, एलेन, एंड्रिक, रोड्रिगो और बोटाफोगो के डेनिलो जैसे खिलाड़ियों पर नजर रखनी होगी। ये युवा खिलाड़ी भविष्य में ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगे।’’
तीन लगातार विश्व कप फाइनल खेलने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी काफू ने कहा कि उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी करना आसान नहीं होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं। हमें उम्मीद है कि कोई अन्य ब्राजीलियाई खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल करेगा लेकिन यह बहुत मुश्किल होगा।’’
काफू ने कहा, ‘‘विश्व कप तक पहुंचना आसान नहीं है, विश्व कप जीतना आसान नहीं है, दो विश्व कप जीतना भी आसान नहीं है और तीन विश्व कप फाइनल खेलना असंभव नहीं है क्योंकि मैंने ऐसा किया है, लेकिन यह बहुत मुश्किल है।’’
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


