रंजीत बजाज ने एआईएफएफ चुनाव जल्द कराने के लिए अदालत का रुख किया

रंजीत बजाज ने एआईएफएफ चुनाव जल्द कराने के लिए अदालत का रुख किया

रंजीत बजाज ने एआईएफएफ चुनाव जल्द कराने के लिए अदालत का रुख किया
Modified Date: September 8, 2026 / 08:05 pm IST
Published Date: September 8, 2026 8:05 pm IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) फुटबॉल प्रशासक और उद्यमी रंजीत बजाज ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) को उसकी कार्यकारी समिति के चुनावों की अधिसूचना तत्काल जारी करने और तय समयसीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश देने की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

अपनी याचिका में बजाज ने अदालत से एआईएफएफ को उसके संविधान और राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 के अनुसार चुनाव कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया है।

उन्होंने चुनाव परिणामों की घोषणा सहित पूरी चुनाव प्रक्रिया को अदालत द्वारा तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश देने की भी मांग की है।

याचिकाकर्ता ने मौजूदा एआईएफएफ कार्यकारी समिति को चुनाव पूरे होने तक महासंघ से जुड़े नीतिगत फैसले लेने या ऐसे निर्णय करने से रोकने का अंतरिम आदेश देने की मांग की है जिनका दीर्घकालिक, वित्तीय या अपरिवर्तनीय प्रभाव पड़ सकता है।

बजाज ने अदालत से न्यायहित में उचित अन्य आदेश जारी करने का भी अनुरोध किया है।

बजाज की याचिका एआईएफएफ द्वारा राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 के तहत नए चुनावी ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया के चलते चुनाव टालने के फैसले की पृष्ठभूमि में आई है।

याचिका में बजाज ने कहा है कि एआईएफएफ पहले ही राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम के अनुरूप संविधान अपना चुका है और संवैधानिक बदलाव की प्रक्रिया पूरी कर चुका है। ऐसे में चुनावों को और टालने का कोई औचित्य नहीं है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में