तोक्यो, दो जुलाई (एपी) स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार हाजिमे मोरियासु के जापान की पुरुष टीम का मुख्य कोच बने रहने की उम्मीद है और राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ बृहस्पतिवार को इस बारे में घोषणा करने वाला है।
मोरियासु के मार्गदर्शन में जापान की टीम विश्व कप के राउंड ऑफ 32 तक पहुंची लेकिन इस हफ्ते की शुरुआत में टीम को पांच बार के चैंपियन ब्राजील ने 2-1 से हरा दिया।
जापान ने पिछले दो दशक में विश्व फुटबॉल में लगातार प्रगति की है लेकिन विश्व कप के नॉकआउट चरण में अब तक कोई मैच नहीं जीत पाया है।
मोरियासु ने रूस में 2018 विश्व कप के बाद राष्ट्रीय टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने जापान को कतर में 2022 विश्व कप के नॉकआउट चरण तक पहुंचाया जहां टीम पेनल्टी शूटआउट में क्रोएशिया से हार गई।
राष्ट्रीय समाचार एजेंसी क्योदो की खबर के अनुसार जापान फुटबॉल संघ चाहता है कि मोरियासु अपने पद पर बने रहें।
क्योदो ने जेएफए अध्यक्ष सुनेयासु मियामोतो के हवाले से कहा,‘‘हमें इसके लिए तैयारी करनी होगी।’’
कुछ खबरों के अनुसार मोरियासु का अनुबंध एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है जिससे कि वह अगले साल की शुरुआत में सऊदी अरब में होने वाले एशियाई कप के लिए टीम के साथ बने रह सकें। कतर मौजूदा चैंपियन है और जापान एशिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट को जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक होगा।
इस टूर्नामेंट के लिए 24 टीम पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। जापान ग्रुप एफ में इंडोनेशिया, कतर और थाईलैंड के साथ है।
एपी सुधीर
सुधीर