मेंडिस, रत्नायके और शनाका के अर्धशतक, श्रीलंका के पांच विकेट पर 225 रन

मेंडिस, रत्नायके और शनाका के अर्धशतक, श्रीलंका के पांच विकेट पर 225 रन

मेंडिस, रत्नायके और शनाका के अर्धशतक, श्रीलंका के पांच विकेट पर 225 रन
Modified Date: February 12, 2026 / 01:11 pm IST
Published Date: February 12, 2026 1:11 pm IST

पल्लीकल, 12 फरवरी (भाषा) कुशल मेंडिस, पवन रत्नायके और कप्तान दासुन शनाका के अर्धशतकों की मदद स श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद ओमान के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में गुरुवार को यहां पांच विकेट पर 225 रन का मजबूत स्कोर बनाया।

मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन), रत्नायके (28 गेंद पर 60) और शनाका (20 गेंद पर 50) ने ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

जितेन रामानंदी ओमान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा जय ओडेरा और सुफयान महमूद ने एक एक विकेट लिया। महमूद ने हालांकि अपने चार ओवर में 60 रन लुटाए।

मेंडिस ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी जबकि रत्नायके और शनाका ने महत्वपूर्ण समय पर अपनी लय हासिल की।

आयरलैंड के खिलाफ केवल पांच रन बनाकर आउट होने वाले रत्नायके ने 24 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया।

इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 12वें ओवर में तेज गेंदबाज जितेन रामानंदी पर पारी का पहला छक्का लगाया और सुफयान महमूद को लगातार तीन चौके लगाकर यह अपना अर्धशतक पूरा किया। रत्नायके और मेंडिस ने केवल 52 गेंद पर 94 रन की साझेदारी की। इस बीच उन्होंने स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दिया।

मेंडिस ने अपनी भूमिका बखूबी निभाते हुए ओमान के स्पिनरों को निशाने पर रखा। उन्होंने अपना लगातार दूसरा और कुल मिलाकर 19वां अर्धशतक लगाया। उनकी पारी में सात चौके शामिल हैं। वह आखिरी ओवर से ठीक पहले रन आउट हो गए।

इस टूर्नामेंट से पहले रन बनाने के लिए जूझ रहे शनाका ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया और केवल 19 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया जो श्रीलंका की तरफ से टी20 विश्व कप में नया रिकॉर्ड है। शनाका ने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए।

शनाका ने नदीम खान पर चौका और लगातार दो छक्के लगाए और फिर सुफयान महमूद पर लगातार छक्के जड़कर अपना अर्धशतक पूरे किए।

शनाका और मेंडिस 19वें ओवर में लगातार गेंदों पर आउट हो गए। कामिंदु मेंडिस (नाबाद 19) ने शाह फैसल को लगातार दो छक्के लगाकर पारी का शानदार अंत किया। श्रीलंका ने आखिरी चार ओवरों में 65 रन बनाकर वर्तमान टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में