हरिता भद्रा: पदक जीतने वाली फर्राटा धाविका हाथ से बनाती हैं गहने भी

हरिता भद्रा: पदक जीतने वाली फर्राटा धाविका हाथ से बनाती हैं गहने भी

हरिता भद्रा: पदक जीतने वाली फर्राटा धाविका हाथ से बनाती हैं गहने भी
Modified Date: September 28, 2026 / 11:17 am IST
Published Date: September 28, 2026 11:17 am IST

(फिलेम दीपक सिंह)

नागोया, 28 सितंबर (भाषा) मैदान पर अपनी रफ्तार से पदक जीतने वाली फर्राटा धाविका हरिता भद्रा के पैरों में ही नहीं, हाथ में भी हुनर है जो उनके द्वारा बनाये गए गहनों की खूबसूरती में नजर आता है ।

अपने पदार्पण एशियाई खेलों में 200 मीटर का कांस्य पदक जीतने वाली हरिता अपने ब्रांड ‘दागिना’ के लिये जल्दी ही नये ईयरिंग डिजाइन करने वाली है जो इस पदक को समर्पित होगा ।

23 वर्ष की इस खिलाड़ी ने कहा ,‘‘ मैं जरूर ऐसा कुछ डिजाइन करूंगा तो इस पदक को समर्पित होगा । शायद एक ईयरिंग या कुछ ऐसा जिसकी प्रेरणा जापान से मिली हो ।’’

हरिता एशियाई खेलों के लिये शुरूआत में भारतीय एथलेटिक्स टीम का हिस्सा नहीं थी लेकिन भारतीय ओलंपिक संघ ने ऐन मौके पर स्थानीय आयोजकों से अनुरोध करके उन्हें शामिल किया । उन्हें और पांच अन्य खिलाड़ियों को खेल मंत्रालय से दो सितंबर को मंजूरी मिली ।

उन्होंने 200 मीटर फाइनल में 23 . 20 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता । यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय रेस थी ।

हरिता ने कहा ,‘‘ यह पदक मेरे लिये काफी मायने रखता है क्योंकि पहली बार भारत के लिये खेल रही थी और मुझे खुशी है कि पदक जीत सकी ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ रेस से पहले मेरे दिमाग में यही चल रहा था कि मुझे अपने शरीर पर भरोसा रखना है और अंत तक हार नहीं मानना है । मैं रेस का मजा लेने उतरी थी और मुझ पर कोई दबाव नहीं था क्योंकि मैने मेहनत की थी ।’’

मुंबई की रहने वाली हरिता ब्रिटेन में लोबोरो यूनिवर्सिटी से खेल विज्ञान, कोचिंग और शारीरिक शिक्षा में बीएससी भी कर रही है ।

भाषा

मोना आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में