ब्रिसबेन, 24 फरवरी (भाषा) भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मंगलवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय के दौरान चोट लग गई।
हरमनप्रीत ने 84 गेंद में 53 रन की पारी खेली लेकिन जब भारत मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 214 रन का बचाव करने की कोशिश कर रहा था तब वह क्षेत्ररक्षण के लिए मैदान पर नहीं उतरीं। मेहमान टीम छह विकेट से मैच हार गई।
हालांकि यह पता नहीं है कि उन्हें चोट कब लगी लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक बयान में कहा गया है कि यह घुटने की समस्या है।
बयान में कहा गया, ‘‘बल्लेबाजी करते समय बाएं घुटने में चोट लगने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है।’’
हरमप्रीत जब 40 रन पर बल्लेबाजी कर रहीं थी तब 38वें ओवर के आखिर में उन्हें मैदान पर उपचार लेना पड़ा। वह 44वें ओवर में एशले गार्डनर की गेंद पर आउट हुईं। जॉर्जिया वोल ने उनका कैच पकड़ा।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द