बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी की यात्रा के लिए जारी कार्यालय आदेश बना चर्चा का विषय

Ads

बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी की यात्रा के लिए जारी कार्यालय आदेश बना चर्चा का विषय

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 11:47 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 11:47 PM IST

लखनऊ, 24 फरवरी (भाषा) बीएसएनएल बोर्ड के निदेशक विवेक बंजल की प्रयागराज की दो दिवसीय यात्रा के लिये दिया गया एक कार्यालय आदेश सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

इस कार्यालय आदेश में निदेशक की प्रयागराज यात्रा के लिए उनके साजो सामान जिसमें उनके अंत:वस्त्रों, तौलिये, कंघी और आईने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर दी गई हिदायत चर्चा का विषय बन गई।

कार्यालय आदेश के अनुसार बंजल की प्रस्तावित दो दिवसीय यात्रा 25 फरवरी और 26 फरवरी को निर्धारित की गई थी। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक उनकी यह यात्रा किन्हीं कारणों से रद्द कर दी गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए कार्यालय आदेश के अनुसार लगभग 50 अधिकारियों को तकरीबन 19 जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इनमें स्नान किट में तौलिया, अतः वस्त्र, हवाई चप्पल, कंघी, आईना और एक तेल की शीशी का इंतजाम करना शामिल था।

कार्यालय आदेश में यह भी उल्लेख किया गया था कि छह पुरुष किट (तौलिया, अंडरवियर, दर्पण, कंघी, साबुन, शैम्पू, तेल) और दो महिला किट की भी व्यवस्था की जाए। सामान्य उपयोग के लिए एक चादर की व्यवस्था करने का भी निर्देश जारी किया गया था।

आदेश में कहा गया है कि होटल और सर्किट हाउस में ड्राई फ्रूट बाउल, फ्रूट बाउल, शेविंग किट, तौलिया, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, शैम्पू, कंघी और तेल की व्यवस्था की जाए।

इस मामले पर टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर प्रयागराज के बीएसएनएल अधिकारियों ने यह कहते हुए बोलने से इनकार कर दिया कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है।

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की वेबसाइट के अनुसार बंजल को भारत में दूरसंचार नेटवर्क संभालने का 34 साल से ज़्यादा का अनुभव है।

बीएसएनएल की वेबसाइट पर कहा गया है, ‘2016 से, वे भारत फाइबर, बीएसएनएल आईटी फ्रेमवर्क और दूसरी सेवाओं को आगे बढ़ा और संभाल रहे हैं। उनके दिशा निर्देशन में ही बीएसएनएल की सेवा का डिजिटाइजेशन हुआ है और उपभोक्ताओं के लिए नए समाधान आए हैं।’

इस बीच, बीएसएनएल इंडिया ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा था, ‘बीएसएनएल के पास आधिकारिक यात्राओं को संपन्न कराने के तरीके के बारे में स्पष्ट निर्देश हैं। इसका पालन न करने का एक मामला सामने आया है। बताया गया मामला बीएसएनएल के पेशेवर मानकों और मूल्यों के हिसाब से नहीं है। संबंधित लोगों के खिलाफ समुचित कार्रवाई की गई है।’

प्रयागराज में बीएसएनएल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पूरी घटना छवि खराब करने का एक प्रयास प्रतीत होती है।

भाषा

अरुणव सलीम रवि कांत