हैरी केन के दो गोल से कांगो को हराकर इंग्लैंड प्री क्वार्टर फाइनल में

हैरी केन के दो गोल से कांगो को हराकर इंग्लैंड प्री क्वार्टर फाइनल में

हैरी केन के दो गोल से कांगो को हराकर इंग्लैंड प्री क्वार्टर फाइनल में
Modified Date: July 2, 2026 / 08:29 am IST
Published Date: July 2, 2026 8:29 am IST

अटलांटा, दो जुलाई (एपी) हैरी केन के दूसरे हाफ में दागे दो गोल की बदौलत इंग्लैंड ने बुधवार को यहां राउंड ऑफ 32 के मैच में कांगो के खिलाफ पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2-1 की जीत के साथ फुटबॉल विश्व कप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।

विश्व कप में पहला गोल खाने के बाद इंग्लैंड की यह सिर्फ दूसरी जीत है। इस जीत के साथ 1966 की चैंपियन टीम को राउंड ऑफ 16 में जगह मिली जहां उसका सामना सह मेजबान मैक्सिको से होगा।

इंग्लैंड को इससे पहले 0-1 से पिछड़ने के बाद विश्व कप में अपनी एकमात्र अन्य जीत 1966 के फाइनल में पश्चिमी जर्मनी के खिलाफ वेम्बले स्टेडियम में मिली थी।

टूर्नामेंट में अपने गोल की संख्या पांच तक पहुंचाने के बाद कप्तान केन ने कहा, ‘‘यह बस लगातार कोशिश करते रहने की बात थी। कोशिश करते रहो और हमारा पल आएगा। हमने खास पलों के बारे में बात की थी। यह टीम में किसी के भी पास हो सकता है… जो भी हो, हमारे पास हीरो बनने के लम्हे होते हैं और मेरे लिए यह वही दिन था।’’

इंग्लैंड की टीम अगला मैच एज्टेका स्टेडियम में खेलेगी।

इंग्लैंड की राह आसान नहीं थी क्योंकि कांगो की टीम ने विश्व कप के इतिहास के सबसे बड़े उलटफेर में से एक करने की राह लगभग तैयार कर ली थी।

केन ने मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में टूर्नामेंट के इतिहास में अपने देश के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के तौर पर अपना रिकॉर्ड 13 तक पहुंचाया। उनके नाम राष्ट्रीय टीम के लिए अब कुल 84 गोल का रिकॉर्ड है।

ब्रायन सिपेंगा ने सातवें मिनट में कांगो को बढ़त दिलाई। उन्होंने बॉक्स के बाईं ओर एक क्रॉस पकड़ा और इंग्लैंड के गोलकीपर जोर्डन पिकफोर्ड को छकाते हुए गोल दाग दिया।

गोलकीपर लियोनल म्पासी ने 1-0 की बढ़त को बनाए रखने की पूरी कोशिश की। उन्होंने जूड बेलिंगहम को तीन बार गोल करने से रोका। मध्यांतर से पहले गोलमुख के समीप से मारे गए दो हेडर रोके और फिर ब्रेक के बाद एक और शॉट को बचाया।

केन ने हालांकि 75वें मिनट में इंग्लैंड को बराबरी दिला दी। स्थापनापन्न खिलाड़ी एंथनी गॉर्डन ने बाईं ओर से क्रॉस दिया और कांगो के गोलकीपर म्पासी के केन के हेडर से मारे शॉट पर हाथ लगाने के बावजूद गेंद गोल में चली गई।

केन ने 11 मिनट बाद एक और गोल करके कांगो की उलटफेर करने की संभावनाओं को खत्म कर दिया।

केन ने कहा, ‘‘जब आप नॉकआउट में पहुंचते हैं तो दबाव और जोखिम बहुत अधिक होते हैं लेकिन आक्रमण के नजरिए से यह टूर्नामेंट का हमारा सबसे अच्छा मैच था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी आपको जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है और आज हमने ठीक वैसा ही किया। मैंने लड़कों से कहा कि वे इसका मजा लें। हम आगे बढ़ गए हैं और चार दिन बाद फिर से खेलेंगे।’’

एपी सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में