हैनरी ने कहा, टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कड़े मुकाबले के लिए तैयार

हैनरी ने कहा, टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कड़े मुकाबले के लिए तैयार

हैनरी ने कहा, टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कड़े मुकाबले के लिए तैयार
Modified Date: February 13, 2026 / 03:42 pm IST
Published Date: February 13, 2026 3:42 pm IST

अहमदाबाद, 13 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबलों को कड़ा बताते हुए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हैनरी ने शुक्रवार को यहां कहा कि दोनों टीमों के बीच लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता टी20 विश्व कप के अहम मुकाबले में एक नया आयाम जोड़ेगी जिससे ग्रुप के विजेता का फैसला हो सकता है।

न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप डी में अभी हार नहीं मिली है। दोनों टीम के बीच मैच अक्सर कड़े होते हैं। हैनरी ने माना कि इतिहास और खेल संस्कृति ने इस मुकाबले की प्रतिद्वंद्विता को बनाने में अपनी भूमिका निभाई है।

हैनरी ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘आप हमेशा सबसे अच्छी टीम के साथ खेलना चाहते हैं। जब हम बड़े हो रहे थे, चाहे वह रग्बी हो या क्रिकेट, न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका हमेशा ऐसे मैच होते थे जिनका आप हिस्सा बनना चाहते थे। दोनों देशों के बीच एक स्वाभाविक प्रतिस्पर्धा है और विश्व कप में कुछ भी नहीं बदलता है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक कड़ा मुकाबला है और कुछ ऐसा है जिसमें शामिल होना हमें बहुत पसंद है। ’’

शनिवार के मैच से ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम का फैसला हो सकता है, लेकिन हैनरी ने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका हर विभाग में मजबूत है। उनके पास बल्ले की ताकत, गेंद की विविधता और अपार अनुभव है। जब आप ऐसी टीम के सामने होते हैं तो आप जानते हैं कि आपको खेल के हर पहलू में बेहतरीन होना होगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप में हर मैच का महत्व होता है। हर जीत से आत्मविश्वास बढ़ता है और लय बनती है। हमारे लिए यह कल अपना सर्वश्रेष्ठ करने और बहुत आगे की नहीं सोचने की बात है। ’’

अफगानिस्तान के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के दो सुपर ओवर मैच के बारे में बात करते हुए हैनरी ने कहा, ‘‘हम अपनी नजरे उस मैच से हटा नहीं पा रहे थे, यह एक जबरदस्त मैच था और इसमें सब कुछ था। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत


लेखक के बारे में