हेटमायर और पावेल का अर्धशतक, वेस्टइंडीज के छह विकेट पर 254 रन
हेटमायर और पावेल का अर्धशतक, वेस्टइंडीज के छह विकेट पर 254 रन
मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पावेल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से वेस्टइंडीज ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में सोमवार को यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ छह विकेट पर 254 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
हेटमायर ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 34 गेंद में सात छक्कों और इतने ही चौकों से 85 रन की पारी खेलने के अलावा रोवमैन पावेल (59 रन, 35 गेंद, चार चौके, चार छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंद में 122 रन की साझेदारी करके वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शेरफेन रदरफोर्ड ने भी 13 गेंद में दो छक्कों और तीन चौकों से नाबाद 31 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने क्रमश: 47 और 42 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। कप्तान सिकंदर रजा ने तीन ओवर में 52 रन लुटाए।
रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद वेस्टइंडीज ने पावर प्ले में दो विकेट पर 55 रन बनाए।
वेस्टइंडीज ने तीसरे ओवर में ब्रेंडन किंग (09) का विकेट गंवाया जिन्होंने नगारवा की गेंद पर ताशिंगा मुसेकिवा को कैच थमाया।
हेटमायर ने नगारवा पर चौके से खाता खोला जबकि मुजरबानी की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। उन्होंने नगारवा के अगले ओवर में भी लगातार दो चौके जड़े।
सलामी बल्लेबाज शाई होप (14) ने ब्रेड इवान्स पर चौका मारा लेकिन अगली गेंद पर ब्रायन बेनेट ने उनका शानदार कैच लपका।
हेटमायर ने ग्रीम क्रेमर का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया और फिर रजा पर तीन छक्कों के साथ सिर्फ 19 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
हेटमायर ने रजा के अगले ओवर में छक्के के साथ 10वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
पावेल ने भी इवान्स पर छक्का मारा और डियोन मायर्स पर भी चौका और छक्का जड़ा।
पावेल ने क्रेमर की गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
हेटमायर ने भी क्रेमर पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर बेनेट को कैच दे बैठे।
वेस्टइंडीज ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 179 रन बनाए।
पावेल भी इसके बाद मुजरबानी की शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में थर्ड मैन बाउंड्री पर मुसेकिवा को कैच दे बैठे। रदरफोर्ड ने मुजरबानी की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए जबकि रोमारियो शेफर्ड (21) ने नगारवा पर लगातार दो छक्के जड़े लेकिन फिर रेयान बर्ल को कैच दे बैठे।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


