आपस में मिलकर अपने मसले सुलझाये हॉकी इंडिया, जरूरत पड़ने पर दखल देंगे : खेल मंत्रालय
आपस में मिलकर अपने मसले सुलझाये हॉकी इंडिया, जरूरत पड़ने पर दखल देंगे : खेल मंत्रालय
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) हॉकी इंडिया में जारी घमासान के बीच खेल मंत्रालय ने कहा है कि महासंघ को अपने मसले आपस में मिलकर सुलझाने होंगे और अगर ऐसा नहीं हो पाता है , तभी मंत्रालय इसमें दखल देगा ।
विश्व कप से ठीक पहले भारतीय टीमों की जर्सी का रंग पारंपरिक नीले से बदलकर नारंगी करने से मचे विवाद के बाद से हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोलानाथ सिंह में ठनी हुई है ।
टिर्की का कहना है कि यह फैसला उनसे पूछे बिना और कार्यकारी बोर्ड की सहमति के बगैर लिया गया । उन्होंने हाल ही में हॉकी इंडिया के महानिदेशक कमांडर आर के श्रीवास्तव के सारे अधिकार छीनकर कारण बताओ नोटिस जारी किया और इस फैसले की प्रमुख वजह जर्सी विवाद ही था ।
वहीं कमांडर के करीबी माने जाने वाले महासचिव ने मौजूदा हालात की समीक्षा के लिये 18 सितंबर को कार्यकारी बोर्ड की आपात बैठक बुलाई है जिस पर टिर्की ने कहा कि उन्होंने ऐसी किसी बैठक की अनुमति नहीं दी है और श्रीवास्तव का संतोषजनक जवाब मिलने तक ऐसी कोई बैठक नहीं होगी ।
मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा ,‘‘ हॉकी इंडिया का मसला ऐसा नहीं है जो आपसी बातचीत से सुलझ नहीं सके । हम चाहते हैं कि वे आपस में इसे सुलझाये लेकिन अगर ऐसा नहीं हो पाता है तो फिर हम देखेंगे कि क्या करना है ।’’
खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने नीदरलैंड और बेल्जियम में हुए विश्व कप के बाद भारतीय टीमों के कप्तानों और कोचों और हॉकी इंडिया पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी ।
इसके अलावा सोमवार को हॉकी इंडिया लीग के फ्रेंचाइजी मालिकों और महासंघ के पदाधिकारियों के साथ भी लीग को बचाने की कवायद में बैठक की ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


