दक्षिण अफ्रीका की टीम में अनुभव और संयम लाता हूं: मिलर

Ads

दक्षिण अफ्रीका की टीम में अनुभव और संयम लाता हूं: मिलर

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 05:39 PM IST

अहमदाबाद, 10 फरवरी (भाषा) अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर का कहना है कि उनके अनुभव और संयम से दक्षिण अफ्रीका को अपना पहला आईसीसी टी20 विश्व कप खिताब जीतने में मदद मिल सकती है।

छत्तीस वर्षीय मिलर टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका मानना है कि युवाओं के साथ अपना अनुभव साझा करना बेहद जरूरी है।

अफगानिस्तान के खिलाफ ग्रुप-डी के मैच से पहले मिलर ने कहा, “अनुभव के साथ-साथ धैर्य बनाये रखना भी बहुत अहम है। मैं जहां भी टीम की मदद कर सकता हूं, वहां अपना योगदान देना चाहता हूं।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘टीम में कुछ युवा खिलाड़ी हैं। मेरी कोशिश रहती है कि वे खुद को जितना हो सके उतना सहज महसूस करें। मैदान पर मैं अपना अनुभव टीम के काम लाता हूं और मैदान के बाहर यह देखता हूं कि टीम सही दिशा में आगे बढ़े।”

दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को कनाडा को 57 रन से हराकर अपने टी20 विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत की। अफगानिस्तान के बाद टीम 14 फरवरी को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।

  मिलर ने कहा, “आगे के मुकाबले ज्यादा चुनौतीपूर्ण होंगे, लेकिन हम किसी भी मैच को हल्के में नहीं ले रहे हैं। पहला मैच जीतना अच्छा रहा लेकिन अगले दो मैच बहुत अहम हैं। हम एक-एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। अभी पूरा फोकस अफगानिस्तान  के खिलाफ होने वाले मैच पर है।’’

मिलर ने कहा, ‘‘ यह मैच सुबह 11 बजे से होगा, यह थोड़ा अलग होगा। हमारे खिलाड़ी तैयार है और जैसा कि आपने कहा, यह हमारी घरेलू परिस्थितियां जैसी है।’’

उन्होंने कहा कि टीम को भारतीय परिस्थितियों का फायदा मिल रहा है।

मिलर ने कहा, ‘‘ हम यहां कुछ दिन से हैं और अभी एक हफ्ते और रहेंगे। इससे हमें रणनीति बनाने में मदद मिलती है। टीम अच्छी क्रिकेट खेल रही है और मुकाबले रोमांचक होंगे।”

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि टूर्नामेंट में टीम का एक ही लक्ष्य है, धैर्य बनाये रखना, फोकस बनाए रखना और अपना काम सही ढंग से करना।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कई वर्षों से साथ खेल रहे हैं, इसलिए एक-दूसरे पर भरोसा है। कुछ अलग या जरूरत से ज्यादा करने की कोशिश नहीं है, बस अपनी भूमिका को निभाना है। 2024 के फाइनल में मिली हार से हमने आत्मविश्वास लिया है।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता