मेरे पास कोई जवाब नहीं है: खराब बल्लेबाजी पर पंत का बयान
मेरे पास कोई जवाब नहीं है: खराब बल्लेबाजी पर पंत का बयान
लखनऊ, 22 अप्रैल (भाषा) लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपनी टीम की 40 रन की करारी हार के बाद निराश नजर आए और उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम पिच को सही ढंग से पढ़ने में विफल रही।
160 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम के 119 रन पर सिमट जाने के बाद पंत के पास कोई ठोस जवाब नहीं था।
उन्होंने प्रसारकों से कहा, “मेरे पास कोई जवाब नहीं है। बल्लेबाजी ने हमें निराश किया। हम एक टीम और समूह के रूप में निराश हैं।”
उन्होंने कहा, “आपको जवाब बाहर नहीं, अंदर ढूंढने होंगे। बल्लेबाजी के दौरान हमें थोड़ा समय लेना चाहिए था। कोई बहाना नहीं है। मुझे खुद भी पारी को गहराई तक ले जाना चाहिए था। एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में हमें जिम्मेदारी लेनी होगी।”
पंत ने मोहम्मद शमी की गेंदबाजी को मैच का सकारात्मक पहलू बताया। उन्होंने कहा, “हमें सकारात्मक चीजों पर ध्यान देना होगा और अंदर झांकना होगा। हमारे पास अब भी सत्र में सकारात्मक परिणाम हासिल करने की क्षमता है।”
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने माना कि पिच पर गेंदबाजों को मदद मिल रही थी।
उन्होंने पुरस्कार समारोह में कहा, “हमें पता था कि गेंद स्विंग करेगी। नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर ने जिस लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की, वह शानदार थी। टीम में माहौल काफी सकारात्मक है।”
मैच में अहम भूमिका निभाने वाले रविंद्र जडेजा ने अपनी नाबाद 43 रन की पारी के लिए मिले पुरस्कार को अपनी पत्नी रिवाबा जडेजा को समर्पित किया, जो गुजरात की शिक्षा मंत्री हैं।
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जडेजा ने कहा, “मैं यह पुरस्कार गुजरात की शिक्षा मंत्री (रिवाबा) को समर्पित करना चाहता हूं। उन्होंने कल कहा था कि मैं अच्छा करूंगा और मैंने वैसा ही किया।”
उन्होंने स्वीकार किया कि पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी।
इस अनुभवी खिलाड़ी ने कहा, ‘‘विकेट आसान नहीं था क्योंकि गेंद सीम और स्विंग कर रही थी। मैं जितना लंबा खेल सकूं, वही कोशिश थी। टी20 में आखिरी ओवर में भी मैच पलट सकता है और हमने वैसा ही किया।’’
निकोलस पूरन को आउट करने के बाद जश्न मनाने के अंदाज पर जडेजा ने कहा, “गेंद थोड़ा रुककर बल्ले पर आ रही थी, इसलिए मैं सोच रहा था कि तेज गेंद डालूं या धीमी। धीमी गेंद पर मुझे ज्यादा पकड़ मिली और वही काम आई।”
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


