बेहतर टी20 बल्लेबाज बनना चाहता हूं, मौका मिला तो भारत के लिए खेलने को तैयार: गिल
बेहतर टी20 बल्लेबाज बनना चाहता हूं, मौका मिला तो भारत के लिए खेलने को तैयार: गिल
… जी उन्नीकृष्णन …
अहमदाबाद, 30 मई (भाषा) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में उभरते युवा सितारों की शानदार मौजूदगी ने भारतीय टी20 टीम में जगह के लिए प्रतिस्पर्धा को और कड़ा कर दिया है लेकिन भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल अपने खेल को लगातार बेहतर बनाकर टी20 टीम में वापसी का रास्ता तैयार करना चाहते हैं। गिल ने दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। पिछले वर्ष इस प्रारूप में लगातार साधारण प्रदर्शन के कारण उन्हें इस साल के टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुकाबले से पहले गिल ने कहा, ‘‘अगर मेरा चयन टी20 टीम में होता है तो मैं खुशी-खुशी खेलूंगा। मेरा लक्ष्य सिर्फ अपने खेल पर काम करना और एक बेहतर टी20, वनडे तथा टेस्ट बल्लेबाज बनना है।’’ गिल ने पिछले साल (2025) 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में केवल 291 रन बनाए थे। उनका औसत 24.25 रहा और सर्वोच्च स्कोर 47 रन था। इसके बावजूद उनका मानना है कि क्रिकेट ऐसा खेल है जिसमें पूर्णता हासिल करना संभव नहीं, लेकिन उसके करीब पहुंचने की कोशिश हमेशा की जा सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं लगातार खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करता हूं। यही मेरी सोच है और यही मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।’’ गिल के अनुसार भारतीय टी20 टीम से बाहर होना उनकी तैयारी या मानसिकता को प्रभावित नहीं करता। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों और टूर्नामेंटों के लिए योजनाबद्ध तैयारी ही उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखती है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन चीजों पर ध्यान देता हूं जो मेरे नियंत्रण में हैं। मुझे क्या बेहतर करना है और टीम को सफलता के लिए क्या करना चाहिए, यही सोच मुझे मानसिक रूप से फिट रखती है।’’ गिल के शब्द केवल बयानबाजी नहीं हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने अब तक 722 रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर है। भारतीय टीम में सलामी बल्लेबाज की जगह के लिए अब उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। वैभव सूर्यवंशी ने इस सत्र में 776 रन बनाकर राष्ट्रीय टीम के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है। इस किशेर बल्लेबाज की तारीफ करते हुए गिल ने कहा, ‘‘उसके लिये यह कमाल का सत्र रहा है। मैंने किसी बल्लेबाज को इस तरह बल्लेबाजी करते नहीं देखा। मौजूदा समय में वह इस प्रारूप के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। उनकी तकनीक, हाथों की गति और किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ खेलने का तरीका अद्भुत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले वर्षों में विरोधी टीमों के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होगा।’’ गुजरात टाइटंस में उनके जोड़ीदार साई सुदर्शन ने भी 710 रन बनाकर टी20 क्रिकेट में अपनी उपयोगिता साबित की है। सुदर्शन की सराहना करते हुए गिल ने कहा, ‘‘आईपीएल जैसे लंबे टूर्नामेंट में हर मैच में समान तीव्रता बनाए रखना आसान नहीं होता। यही साई की सबसे बड़ी ताकत है। उनकी तैयारी, दिनचर्या और अनुशासन में निरंतरता ही उन्हें मैदान पर भी लगातार सफल बनाती है।’’ भाषा आनन्द आनन्द नमितानमिता

Facebook


